देहरादून में करोड़ों रुपये की जमीन बेचने के नाम पर कथित धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल के अनुसार, सहस्रधारा रोड निवासी करन शर्मा ने 14 सितंबर को राजपुर पुलिस से शिकायत की थी कि आरोपी संजय त्यागी समेत अन्य लोगों ने जमीन बेचने के नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार किए। आरोप है कि रजिस्ट्री के समय असली भूमि स्वामी की जगह किसी अन्य व्यक्ति को खड़ा कर दिया गया और पीड़ित की पत्नी के पक्ष में जमीन की रजिस्ट्री कराकर करोड़ों रुपये की रकम धोखाधड़ी से ली गई।
शिकायत के मुताबिक, धोखाधड़ी का पता चलने पर जब पीड़ित ने अपनी रकम वापस मांगी तो उसे जान से मारने की धमकी दी गई। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
पुलिस ने मंगलवार को आरोपी संजय त्यागी निवासी महादेव अपार्टमेंट, गैस गोदाम, थाना राजपुर और परविंदर कुमार निवासी राजेश्वर नगर, सहस्रधारा रोड को आईटी पार्क के पिछले गेट, धारण रोड से गिरफ्तार किया। एसएसपी ने बताया कि धोखाधड़ी में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
