सिंगरौली जिले के बैढ़न थाना क्षेत्र के खटखरी गांव में मंगलवार सुबह करीब 10 बजे बोलेरो चलाना सीख रहे एक नाबालिग से वाहन बेकाबू हो गया। बोलेरो ने संकरी सड़क से गुजर रहे छह लोगों को टक्कर मार दी। गांव के रामजन्म शाह अपने नाबालिग बच्चों को बोलेरो चलाना सिखा रहे थे, इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका।

घायलों की पहचान अनिल शाह, परमानंद शाह, सुनीत शाह, अंजलि शाह, कृष्णा शाह और समयलाल शाह के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों ने सभी को बैढ़न के निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां दो घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, सभी घायल एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं।

हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और गुस्साए ग्रामीणों ने बोलेरो को सड़क से नीचे पलट दिया। वाहन चला रहा नाबालिग और उसके साथ बैठा व्यक्ति मौके से फरार हो गए। प्रत्यक्षदर्शी कमलेश शाह के मुताबिक, सुनीत शाह और अंजलि शाह की हालत गंभीर है और दोनों को सांस लेने में परेशानी हो रही है।

खुटार चौकी प्रभारी अमन बारी ने बताया कि पुलिस को घटना की सूचना मिली है और परिजन घायलों को अस्पताल ले गए हैं। उन्हें शिकायत दर्ज कराने के लिए चौकी आने को कहा गया है। अभी तक किसी ने लिखित शिकायत नहीं दी है। शिकायत मिलने पर एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।