पलामू जिले के मेदिनीनगर में कुसुमटांड़ फोरलेन पर मंगलवार को एक टेंपो की टक्कर से बाइक सवार 23 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान सदर थाना क्षेत्र के सुआ गांव निवासी भुवनेश्वर कुमार सिंह के पुत्र सुबोध कुमार के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार सुबोध कुमार कुसुमटांड़ फोरलेन से गुजर रहे थे। इसी दौरान देर रात तेज रफ्तार से आ रहे एक टेंपो के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि सुबोध गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घायल युवक को संभालने का प्रयास किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उनकी मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्वजनों में कोहराम मच गया और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क पर तेज रफ्तार से चलने वाले वाहनों पर नियंत्रण लगाने और लापरवाह चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
