प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) ने भूखंडों पर अवैध कब्जे रोकने के लिए नई व्यवस्था शुरू की है। अब भूखंडों की बिक्री से पहले उनकी चहारदीवारी (बाउंड्रीवॉल) बनवाई जाएगी और इसके बाद ही आवंटी को कब्जा सौंपा जाएगा। बाउंड्रीवॉल निर्माण का खर्च संबंधित आवंटी को ही वहन करना होगा। पीडीए के संपत्ति अधिकारी सूरज पटेल के अनुसार, आवंटियों को कब्जा दिलाने में आने वाली परेशानियों को देखते हुए यह व्यवस्था बनाई गई है, ताकि आवंटियों को जमीन की स्पष्ट सीमा के साथ सुरक्षित कब्जा मिल सके।
पीडीए की ओर से फाफामऊ, कसारी-मसारी, कालिंदीपुरम और शांतिपुरम सहित विभिन्न क्षेत्रों में भूखंडों की बिक्री की तैयारी की जा रही है। इन स्थानों पर भूखंडों को विकसित करने के साथ ही उनकी फीलिंग और बाउंड्रीवॉल कराने का काम भी शुरू किया गया है। फाफामऊ क्षेत्र में कुछ भूखंडों की बाउंड्रीवाल तैयार भी करा दी गई है।
प्राधिकरण के अनुसार, अक्सर लोग भूखंड खरीद तो लेते हैं, लेकिन मौके पर कब्जा लेने पहुंचने पर दूसरे लोग जमीन पर अपना दावा जताने लगते हैं। कई बार दबंगों की ओर से भूखंड पर कब्जा कर लिया जाता है, जिससे आवंटियों को प्राधिकरण कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ते हैं और विवाद की स्थिति भी बनती है। वर्तमान में 600 से अधिक आवंटी कब्जा पाने के लिए परेशान हैं। नई व्यवस्था से भूखंडों की पहचान स्पष्ट होने के साथ ही अवैध कब्जे की आशंका भी कम होगी।
