फरीदाबाद के जिला नागरिक अस्पताल में एक बुजुर्ग पिता को अपने बेटे की पोस्टमार्टम रिपोर्ट साढ़े तीन महीने से नहीं मिल रही है। 65 वर्षीय किशन मूल रूप से उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले के एक गांव के रहने वाले हैं और उनका बेटा राजेंद्र फरीदाबाद में रहता था। परिवार को सूचना मिली थी कि काम के दौरान राजेंद्र की मौत हो गई। पिता फरीदाबाद पहुंचे और कानूनी प्रक्रिया के तहत नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया। परिवार ने शव गांव ले जाकर अंतिम संस्कार कर दिया।

बुजुर्ग पिता बेटे की मौत की असल वजह जानना चाहते हैं। उन्हें संदेह है कि यह कोई हादसा नहीं था और मौत की कोई और वजह हो सकती है। उनका कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से तस्वीर साफ हो सकेगी। उनका आरोप है कि रिपोर्ट लेने के लिए वह कई बार अस्पताल जा चुके हैं, लेकिन हर बार उन्हें इधर-उधर भेज दिया जाता है और रिपोर्ट नहीं मिलती। सोमवार को भी वह पुलिस के साथ रिपोर्ट लेने पहुंचे, मगर निराश लौटना पड़ा। उनकी यह भी नाराजगी है कि रिपोर्ट न देने का कारण नहीं बताया जा रहा है।

खेड़ी पुल थाना के उप निरीक्षक बिजेंद्र सिंह भी रिपोर्ट लेने के लिए नागरिक अस्पताल गए थे, मगर उन्हें भी रिपोर्ट उपलब्ध नहीं कराई गई। पुलिस का कहना है कि डॉक्टर ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट उपलब्ध नहीं कराई है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट न देने पर पुलिस की ओर से डॉक्टर के खिलाफ उच्च अधिकारियों से शिकायत की जाएगी।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जयंत आहूजा ने कहा कि रिपोर्ट न मिलना गंभीर बात है। उन्होंने कार्यकारी प्रधान चिकित्सा अधिकारी डॉ. विकास गोयल से बातचीत कर रिपोर्ट तुरंत उपलब्ध कराने के आदेश दिए हैं।