बुलंदशहर के कोतवाली देहात क्षेत्र स्थित जीवनगीत कॉलोनी में रविवार देर रात एक ठेकेदार और प्रॉपर्टी डीलर ने किराए के फ्लैट में खुद को अवैध देशी पिस्टल से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार मूल रूप से जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के गांव भौपुर निवासी 38 वर्षीय कपिल बालियान पुत्र मनवीर चौधरी बुलंदशहर खुर्जा विकास प्राधिकरण में ठेकेदारी तथा प्रॉपर्टी की खरीद-बिक्री का काम करते थे। परिवार में पत्नी रंजना और दो बेटियां हैं। बताया जाता है कि तीन दिन पहले ही उनकी पत्नी और दोनों बेटियां गांव चली गई थीं, जिसके चलते कपिल फ्लैट में अकेले रह रहे थे।
पुलिस के मुताबिक रविवार रात लगभग साढ़े बारह बजे कपिल मोबाइल पर किसी से वीडियो कॉल पर बात कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने देशी पिस्टल से खुद को गोली मार ली। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने कपिल को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल से अवैध पिस्टल और मोबाइल आदि सामान बरामद किया है। पुलिस यह जांच कर रही है कि ठेकेदार किससे वीडियो कॉल पर बात कर रहा था।
पुलिस के अनुसार कपिल के एक रिश्तेदार का नगर में होटल है। चर्चा है कि इसी होटल में काम करने वाली एक युवती से उनकी बातचीत होती थी और उससे उनका प्रेम-प्रसंग चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि आत्महत्या से ठीक पहले वह उसी युवती से वीडियो कॉल पर बात कर रहे थे। हालांकि रिश्तेदार राजकुमार ने पारिवारिक कलह के चलते आत्महत्या किए जाने की बात कही है।
सीओ सिटी प्रखर पांडेय ने बताया कि सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन के सुपुर्द कर दिया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ठेकेदार ने अवैध पिस्टल से गोली मारकर आत्महत्या की है। ठेकेदार किससे बात कर रहा था, इसकी कॉल डिटेल व अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी।
