इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज से ठीक पहले मेजबान ऑस्ट्रेलिया को बड़ा झटका लगा है। युवा तेज गेंदबाज महली बियर्डमैन और जेवियर बार्टलेट चोट के कारण पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं। यह सीरीज 21 नवंबर से मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में शुरू होनी है।

बियर्डमैन के बाएं पैर की जांघ की मांसपेशियों में खिंचाव आया है, जबकि बार्टलेट बाएं घुटने की चोट से जूझ रहे हैं। इससे पहले तेज गेंदबाज नाथन एलिस भी साइड स्ट्रेन के कारण सीरीज से बाहर हो चुके हैं। ऑस्ट्रेलियाई टीम पहले से ही प्रमुख खिलाड़ियों की अनुपस्थिति से जूझ रही है।

टीम इस सीरीज में ट्रेविस हेड, मैट रेनशॉ, कैमरन ग्रीन, जोश इंग्लिस और कूपर कॉनॉली के बिना उतरेगी, जिन्हें वर्कलोड मैनेजमेंट के तहत आराम दिया गया है। वहीं, पैट कमिंस और जोश हेजलवुड अगले महीने न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज की तैयारियों के चलते इस सीरीज का हिस्सा नहीं हैं।

राहत की बात यह है कि चोट से उबरने के बाद बिली स्टेनलेक को टी20 स्क्वॉड में वापस बुलाया गया है। उन्होंने इसी सप्ताह घरेलू वनडे कप से प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी की थी। बार्टलेट की चोट का आगे आकलन किया जाएगा, जबकि बियर्डमैन के आगामी बिग बैश लीग में पर्थ स्कॉर्चर्स के अभियान तक फिट होने की उम्मीद है। बियर्डमैन को टेस्ट सेटअप में शामिल करने की चर्चाओं के बीच इस चोट ने उनकी राह फिलहाल मुश्किल कर दी है।