एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने मोहम्मद सिराज को टेस्ट टीम में जगह न मिलने पर प्रतिक्रिया दी है। सहारनपुर में बोलते हुए ओवैसी ने कहा कि सिराज बेहद साधारण और आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से आते हैं। उनके पिता हैदराबाद में ऑटो रिक्शा चलाते थे। ओवैसी के मुताबिक, सिराज ने अपने जीवन में काफी संघर्ष किया है और दुनिया शायद उन मुश्किलों को नहीं जानती, जिनसे गुजरकर उन्होंने यह मुकाम हासिल किया। उन्होंने कहा कि सिराज अपनी मेहनत, लगन और मजबूत इच्छाशक्ति के दम पर भारतीय टीम के लिए कई टेस्ट मैच खेल चुके हैं और अब तक 144 टेस्ट विकेट ले चुके हैं।
ओवैसी ने कहा कि सिराज की सबसे बड़ी ताकत उनकी इच्छाशक्ति है और उन्हें दबाना या लंबे समय तक टीम से बाहर रखना आसान नहीं है। उन्होंने सिराज को सच्चा फाइटर बताते हुए भरोसा जताया कि वह टीम इंडिया में दमदार वापसी करेंगे। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ 5 टेस्ट मैचों की सीरीज का उदाहरण दिया, जिसमें सिराज ने सभी पांच मुकाबले खेले थे। एक तेज गेंदबाज के तौर पर उन्होंने 1,113 गेंदें फेंकीं और सीरीज में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बने। ओवैसी ने सिराज के व्यवहार और सादगी की भी तारीफ की और कहा कि उनका चरित्र दूसरों के लिए मिसाल है।
दरअसल, कांग्रेस नेता इमरान मसूद ने आरोप लगाकर विवाद खड़ा कर दिया कि सिराज को धर्म के कारण न्यूजीलैंड शृंखला के लिए भारतीय टीम से बाहर रखा गया है। मसूद ने कहा था कि उनका नाम मोहम्मद सिराज है, इसीलिए उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया। इस पर भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए मसूद पर राजनीतिक ध्रुवीकरण और तुष्टीकरण का आरोप लगाया।
यूपी सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण एवं हज राज्य मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि मसूद ध्रुवीकरण और तुष्टीकरण की राजनीति का खतरनाक खेल खेल रहे हैं और भारत में राष्ट्रीय टीम में चयन धर्म के आधार पर नहीं होता। उन्होंने कांग्रेस पर सांप्रदायिक ध्रुवीकरण को हवा देने का आरोप लगाया। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने कहा कि मसूद ने चुनाव से पहले ध्रुवीकरण को ध्यान में रखकर यह बयान दिया है और वह खुद को मुस्लिम समुदाय का हिमायती बताने की कोशिश कर रहे हैं।
