20 नवंबर 1996 को साउथ अफ्रीका के खिलाफ वीवीएस लक्ष्मण के अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत हुई। अपने डेब्यू मैच में वह 11 और 51 रन ही बना सके, लेकिन आगे चलकर उन्होंने टेस्ट फॉर्मेट में अपनी दमदारी साबित की। 134 टेस्ट मैचों में लक्ष्मण ने 17 शतक और 56 अर्धशतक लगाए और हमेशा टीम का उस समय साथ दिया, जब उसे उनकी जरूरत थी। इसके बावजूद वंगीपुरापु वेंकट साई लक्ष्मण का करियर उतार-चढ़ावों से भरा रहा। 1996 में करियर की शुरुआत के बाद टीम इंडिया में उनका आना-जाना लगा रहता था। टेस्ट में उन्होंने खूब मैच खेले, लेकिन वनडे में उन्हें सिर्फ 86 मैचों में ही मौका मिला। 16 साल लंबे अंतरराष्ट्रीय करियर के बाद लक्ष्मण ने 2012 में संन्यास ले लिया, मगर उन्हें हमेशा एक जुझारू खिलाड़ी के तौर पर जाना जाता रहेगा।

लक्ष्मण से जब उनकी 281 रनों की लीजेंड्री पारी के बारे में पूछा जाता है, तो वह बताते हैं कि उस दिन उनके बैक में दर्द था और राहुल द्रविड़ को भी वायरल फीवर था। उनका कहना है कि जब हम अपने देश के लिए खेलते हैं, तो अपने शरीर के बारे में थोड़ा सोचते हैं। टेस्ट क्रिकेट में लंबी पारियां खेलने वाले लक्ष्मण का मानना है कि बड़े लक्ष्य तक पहुंचने के लिए छोटे-छोटे लक्ष्य बनाकर उन्हें हासिल करना होता है। उनके अनुसार, जब हालात कठिन होते हैं और आप उससे निकलते हैं, तब आपको बहुत कुछ सीखने को मिलता है।

सोशल मीडिया पर लक्ष्मण का कहना है कि आपको उससे भागना नहीं चाहिए, बल्कि उसे मैनेज करना सीखना चाहिए, वरना जिस चीज से आप भागते हैं, वही आपको फॉलो करने लगती है। उनके मुताबिक, आपके पास एक ढाल होना जरूरी है, जो सोशल मीडिया और आपके सपनों को अलग रख सके। उनका मानना है कि जब आपको पता हो कि आपके सपने उस चीज से बड़े हैं, जिससे आपका ध्यान भटक रहा है, तो फिर आपका ध्यान कहीं और लगता ही नहीं।

लक्ष्मण की सलाह रही है कि डरो मत, अपने खेल पर भरोसा रखो। यह सलाह सिर्फ क्रिकेट तक ही प्रासंगिक नहीं रहती, बल्कि हर फील्ड में इसे अपनाया जा सकता है। उनका कहना है कि सपने के लिए जुनून होना जरूरी है और जो हाथ में है, उस पर फोकस करना सीखना चाहिए। कठिन समय में हार मानना आसान है, लेकिन धैर्य के साथ लगातार की गई कोशिश आखिरकार सफलता के करीब ले ही जाती है। उनके अनुसार, सीखना एक निरंतर प्रक्रिया है, जो कभी खत्म नहीं होती।

2001 में ऑस्ट्रेलिया भारत आई हुई थी। कोलकाता के ईडन गार्डन्स में पहली पारी में ऑस्ट्रेलिया ने 445 रन बनाए और भारत 171 पर सिमट गया। फिर ऑस्ट्रेलिया ने भारत को फॉलो आन खिलाया। उस दौरान वीवीएस लक्ष्मण ने रिकॉर्ड 281 रनों की पारी खेली और भारत ने यह यादगार मैच 171 रनों से जीत लिया।