बैकुंठ चतुर्दशी के अवसर पर श्री काशी विश्वनाथ धाम में भगवान श्री हरि विष्णु के प्रमुख विग्रहों का विधि-विधानपूर्वक विशेष पूजन-अर्चन और आरती की गई। मुख्य मंदिर परिसर में गर्भगृह और दण्डपाणि मंडप के बीच स्थित बैकुंठ जी के विग्रह का विशेष धार्मिक अनुष्ठान हुआ।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्दशी तिथि को बैकुंठ चतुर्दशी मनाई जाती है। पौराणिक मान्यता है कि इस दिन भगवान विष्णु और भगवान शिव की संयुक्त रूप से पूजा का विशेष महत्व है। मान्यता के अनुसार भगवान विष्णु ने इसी दिन भगवान शिव को सहस्र कमल पुष्प अर्पित कर उनकी आराधना की थी। श्रद्धालु इस दिन दोनों देवताओं का पूजन कर सुख, समृद्धि, मोक्ष और आध्यात्मिक कल्याण की कामना करते हैं।
मंदिर परिसर में सर्वप्रथम बैकुंठ जी का षोडशोपचार विधि से पूजन किया गया। इसके बाद वैकुण्ठेश्वर महादेव जी को तुलसी अर्पित करते हुए श्री विष्णु सहस्रनाम के पाठ के साथ सहस्रार्चन कराया गया। अनुष्ठान में भगवान बैकुंठ जी को लड्डू और विभिन्न फल सहित विविध नैवेद्य अर्पित किए गए, जिसके बाद विधिवत महाआरती संपन्न हुई।
इस अवसर पर श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी और उप जिलाधिकारी सहित मंदिर न्यास के कार्मिकों और अन्य अधिकारियों ने तुलसी दल अर्पित कर पूजन-अर्चन में सहभागिता की। समस्त पूजन और धार्मिक अनुष्ठान मंदिर के अर्चक के पौरोहित्य में वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक विधि-विधान के साथ संपन्न हुए।
