धनबाद सीबीआई कोर्ट ने 23 साल पुराने तिलैया कस्टोडियल डेथ मामले में साक्ष्य के अभाव में तीन पुलिसकर्मियों को बरी कर दिया है। मामले में तिलैया थाना के तत्कालीन थाना प्रभारी बिन्देश्वरी दास, तत्कालीन एएसआई घनश्याम यादव और आरक्षी पप्पू कुमार खटिक आरोपी थे। धनबाद सीबीआई के विशेष न्यायाधीश विजय कुमार श्रीवास्तव की अदालत ने पर्याप्त सबूत न मिलने पर तीनों को बाइज्जत बरी करने का आदेश दिया।
मामला वर्ष 2003 का है, जब तिलैया थाना क्षेत्र में मोटरसाइकिल चोरी की घटना के सिलसिले में पुलिस ने दुर्गा दास नामक व्यक्ति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था। 17 मार्च 2003 को पुलिस हिरासत में ही दुर्गा दास की मौत हो गई थी। मृतक की पत्नी मीना देवी ने झारखंड उच्च न्यायालय में रिट याचिका दायर कर आरोप लगाया था कि पुलिस हिरासत में प्रताड़ित कर उनके पति की हत्या की गई है।
याचिका पर सुनवाई करते हुए उच्च न्यायालय ने सीबीआई जांच के आदेश दिए थे। इसके बाद सीबीआई ने 31 जुलाई 2006 को तीनों आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की थी। अनुसंधान पूरा होने पर सीबीआई ने आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया। अदालत में 24 अगस्त 2015 को आरोप तय किए जाने के बाद मामले की नियमित सुनवाई शुरू हुई।
ट्रायल के दौरान सीबीआई की ओर से कुल 15 गवाहों का परीक्षण कराया गया। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने और उपलब्ध साक्ष्यों का अवलोकन करने के बाद अदालत ने पर्याप्त सबूत न होने के कारण तीनों आरोपियों को बरी करने का आदेश दिया। बचाव पक्ष की ओर से अधिवक्ता कुमार मनीष सिंह और अनूप कुमार सिन्हा ने अदालत में पैरवी की।
