दिल्ली-NCR में सर्दियों के दौरान बढ़ने वाले प्रदूषण पर सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई के दौरान कहा कि कोर्ट चाहता है कि दिल्ली में सिर्फ BS6 वाहन चलें। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी मोहन की बेंच वायु प्रदूषण से जुड़े मामले की सुनवाई कर रही थी। कोर्ट ने इस बार सिर्फ AQI पर चिंता जताने के बजाय प्रदूषण रोकने के लिए 5 साल का लॉन्ग-टर्म प्लान मांगा है। BS6 यानी भारत स्टेज 6 वाहन 1 अप्रैल 2020 से लागू सख्त उत्सर्जन मानकों का पालन करते हैं, जो यूरो 6 नियमों के करीब हैं और पुराने BS4 वाहनों की तुलना में प्रदूषण कम करते हैं।

सुनवाई में कोर्ट ने कहा कि दिल्ली में प्रदूषण फैलाने वाले व्यावसायिक वाहनों को रोकने की योजना बनाई जानी चाहिए, लेकिन जरूरी सामान की सप्लाई नहीं रुकनी चाहिए। चीफ जस्टी ने पूछा कि व्यावसायिक वाहनों को दिल्ली में प्रवेश न करने देने का तरीका क्यों नहीं खोजा जा सकता। उन्होंने कहा कि लोगों को सब्जियां, फल और रोजमर्रा की दूसरी चीजें चाहिए, इसलिए सभी जरूरी सामान उपलब्ध रहना चाहिए। चीफ जस्टी ने सीमा पर गोदाम बनाने का सुझाव दिया और पूछा कि क्या वहां से बैटरी से चलने वाले या प्रदूषण नहीं फैलाने वाले वाहनों से सामान शहर के अंदर पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि ऐसी व्यवस्था इस साल या अगले साल संभव नहीं हो सकती, लेकिन इसे पांच साल में क्यों नहीं किया जा सकता।

कोर्ट ने NCR के राज्यों से प्रदूषण के मुद्दे पर जवाबदेही तय करने को भी कहा और सवाल किया कि संबंधित राज्य इस प्रक्रिया में सक्रिय हिस्सा क्यों नहीं ले रहे हैं। कोर्ट ने हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश और अन्य संबंधित राज्यों को NCR में प्रदूषण के कण कम करने के लिए उठाए गए कदमों की जानकारी देने वाली स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करने का निर्देश दिया।

इससे पहले भी सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली-NCR में बार-बार बढ़ रहे वायु प्रदूषण पर गंभीर चिंता जताई थी और वाहनों से होने वाले उत्सर्जन को खराब होती हवा का बड़ा कारण बताया था। कोर्ट ने अधिकारियों से पूछा था कि कई नियमों के बावजूद वायु गुणवत्ता सूचकांक लगातार खतरनाक स्तर पर क्यों बना हुआ है। बेंच ने दिल्ली को गाजियाबाद, ग्रेटर नोएडा, गुरुग्राम और फरीदाबाद से जोड़ने वाली सड़कों पर चलने वाले वाहनों की बड़ी संख्या का भी जिक्र किया था।