बरेली में पिछले करीब तीन महीने से अमूल बटर की आपूर्ति प्रभावित है, जिससे उपभोक्ताओं के साथ रेस्टोरेंट और खानपान की दुकानें चलाने वाले कारोबारी भी परेशान हैं। दुकानों पर तलाश के बाद भी लोगों को यह उपलब्ध नहीं हो पा रहा है, जिससे उपभोक्ता दूसरे ब्रांड और स्थानीय स्तर पर बिकने वाले मक्खन से काम चला रहे हैं। विक्रेताओं के अनुसार अमूल के संकट के चलते अन्य ब्रांडेड कंपनियों का माल भी तेजी से बिक रहा है।

चौकी चौराहा पर चाट की दुकान चलाने वाले सोनू कश्यप ने बताया कि तीन महीने से अमूल बटर की नियमित आपूर्ति नहीं हो रही, मजबूरी में स्थानीय ब्रांड का इस्तेमाल करना पड़ रहा है। छोले-भटूरे और मुरादाबादी दाल की दुकान चलाने वाले विश्वनाथ वर्मा के मुताबिक अमूल की टिक्की नहीं मिल पा रही और ग्राहक इसके बारे में पूछते हैं। चौपुला स्थित दुकान संचालक मोहित पटेल ने बताया कि अमूल बटर के साथ घी की उपलब्धता भी प्रभावित है। अधिवक्ता आरपी जौहरी के अनुसार अमूल बटर लंबे समय से नहीं मिल रहा और नए स्टाक में मक्खन का दाम भी बढ़ गया है।

जिले के मक्खन बाजार में अमूल की हिस्सेदारी करीब 80 प्रतिशत बताई जा रही है, जबकि बाकी 20 प्रतिशत में मदर डेयरी, मधुसूदन, पतंजलि सहित अन्य स्थानीय उत्पाद उपलब्ध हैं। जिले में हर महीने करीब 40 हजार किलो मक्खन की खपत होती है। स्टेडियम रोड स्थित वितरक नवीन गोयल ने बताया कि उत्पादन और वितरण प्रभावित होने का कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया जा रहा है। सीबीगंज स्थित वितरक उमाकांत गुप्ता के अनुसार मिल्क फैट कंपनी को आसानी से नहीं मिल पा रहा है और गुजरात में प्लांट होने से ट्रांसपोर्टेशन में भी दिक्कत हो रही है।

बाजार में मक्खन के संकट के बीच नकली या अधोमानक उत्पाद की आशंका पर खाद्य सुरक्षा विभाग नियमित जांच कर रहा है। सहायक आयुक्त राहुल सिंह ने कहा कि जनता के स्वास्थ्य के साथ समझौता नहीं होने दिया जाएगा।