नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने पद संभालने के बाद अपनी पहली द्विपक्षीय यात्रा के लिए भारत को चुना। यह दौरा कई मायनों में अहम माना जा रहा है। रिपोर्टों के मुताबिक, कूटनीतिक उलझनों के कारण शाह कई महीनों तक विदेश यात्रा से बचते रहे और कुछ समय पहले तक उन्होंने एक साल तक किसी देश की यात्रा न करने की बात कही थी। मई में सीमा विवाद पर संसद में उनकी टिप्पणियों से विवाद भी खड़ा हुआ था। माना जा रहा है कि इस दौरे से कई मुद्दे स्पष्ट हुए हैं।

अगस्त में भोटेकोशी नदी में आई भीषण बाढ़ के बाद भारत सबसे पहले मदद के लिए आगे आया। भारत ने 130 टन से अधिक राहत सामग्री और बचाव कार्यों के लिए दर्जनों विशेषज्ञ भेजे। इससे नेपाल को अपने हित भारत के साथ जुड़े नजर आए।

आर्थिक रूप से भी नेपाल भारत पर निर्भर है। भारत नेपाल का सबसे बड़ा व्यापारिक और निवेश साझेदार है, जिसकी नेपाल के निर्यात में 80 फीसदी और प्रत्यक्ष विदेशी निवेश में लगभग एक तिहाई हिस्सेदारी है। नेपाल की ईंधन आपूर्ति और समुद्र तक पहुंच भी भारत के जरिए होती है। नेपाली मीडिया की खबरों के मुताबिक, तातोपानी और रसुवागढ़ी सीमा चौकियों के बंद होने से नेपाल और चीन के बीच व्यापार की लागत बढ़ी है।

बिजली व्यापार भी दोनों देशों के संबंधों का अहम हिस्सा है। भारत समझौते के तहत नेपाल से करीब 1,200 मेगावाट बिजली खरीदता है और अगले दस सालों में यह आयात 10,000 मेगावाट तक बढ़ाने का लक्ष्य है। काठमांडू के कुछ विशेषज्ञों के मुताबिक, भारत को पहले चुनने का मतलब यह नहीं कि नेपाल चीन से बैर ले लेगा। शाह दोनों पड़ोसियों के साथ संबंध बनाए रखने की कोशिश में हैं।