2018 के बॉल टेंपरिंग विवाद ने ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट में फिर हलचल मचा दी है। उस्मान ख्वाजा की आत्मकथा 'सब्र' में किए गए दावों के बाद कैमरून बेनक्रॉफ्ट ने करीब 4,000 शब्दों का बयान जारी कर कहा कि पूरी टीम को गेंद से छेड़छाड़ की जानकारी थी। बेनक्रॉफ्ट ने स्वीकार किया कि 2018 में क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की जांच के दौरान उन्होंने पूरी सच्चाई नहीं बताई थी।

ख्वाजा ने अपनी किताब में दावा किया था कि सजा पाने वाले तीन खिलाड़ियों के अलावा भी कई लोगों को इसकी जानकारी थी और सैंडपेपर इस्तेमाल की योजना पोर्ट एलिजाबेथ टेस्ट के दौरान बनी थी। बेनक्रॉफ्ट के मुताबिक, डेविड वॉर्नर ने सैंडपेपर इस्तेमाल का सुझाव दिया था और उन्होंने पैट कमिंस, मिचेल स्टार्क, जोश हेजलवुड और मिचेल मार्श जैसे गेंदबाजों से गेंद की स्थिति पर बात की थी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि केपटाउन टेस्ट में गेंदबाजी कोच डेविड सेकर ने उनसे सैंडपेपर का और इस्तेमाल करने को कहा था।

कप्तान पैट कमिंस ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उन्हें सैंडपेपर मैदान पर ले जाए जाने की जानकारी नहीं थी और वह इसका हिस्सा नहीं थे। उनके मैनेजर नील मैक्सवेल के मुताबिक, कमिंस अपने बयान पर कायम हैं और बेनक्रॉफ्ट के बयान में ऐसा कुछ नहीं है जिसका जवाब वह पहले न दे चुके हों।

इस बीच क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के सीईओ टॉड ग्रीनबर्ग ने 2018 के दक्षिण अफ्रीका दौरे से जुड़े खिलाड़ियों और स्टाफ को अपनी बात रखने के लिए एक स्वतंत्र मंच उपलब्ध कराने की घोषणा की है। उल्लेखनीय है कि मार्च 2018 में केपटाउन टेस्ट के दौरान बेनक्रॉफ्ट गेंद पर सैंडपेपर इस्तेमाल करते कैमरे में कैद हुए थे, जिसके बाद स्मिथ और वॉर्नर पर 12-12 महीने तथा बेनक्रॉफ्ट पर नौ महीने का प्रतिबंध लगाया गया था।