सेंचुरियन के सुपर स्पोर्ट पार्क में साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेले जा रहे टेस्ट मैच में बांग्लादेश की टीम टॉस हारकर पहले बल्लियेबाजी करते हुए पहली पारी में 91 रनों पर ऑलआउट हो गई। मैच के पहले दिन बारिश के कारण शुरुआत देरी से हुई थी और प्रोटियाज तेज गेंदबाजों ने पेस के अनुकूल परिस्थितियों का पूरा फायदा उठाया। कगिसो रबाडा और मार्को यान्सेन ने तीन-तीन विकेट लिए, जबकि एनरिक नॉर्ट्जे को दो सफलता मिली। वियान मुल्डर और साइमन हार्मर ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
बांग्लादेश की ओर से महफिजुल इस्लाम ने सबसे अधिक 23 रन बनाए। टीम के सात बल्लेबाज दहाई के आंकड़े तक भी नहीं पहुंच सके।
यह सेंचुरियन के मैदान पर टेस्ट क्रिकेट की किसी भी पारी का सबसे छोटा स्कोर है। इस मैदान पर 1995 में पहला टेस्ट खेला गया था और 31 साल के इतिहास में पहली बार कोई टीम 91 रनों पर ऑलआउट हुई है।
साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट की एक पारी में यह बांग्लादेश का चौथा सबसे छोटा स्कोर है। इससे पहले 2022 में डरबन में बांग्लादेशी टीम 53 रनों पर सिमटी थी। बांग्लादेश के ओवरऑल टेस्ट रिकॉर्ड में यह उनका 12वां सबसे छोटा स्कोर है। टेस्ट में बांग्लादेश का सबसे छोटा स्कोर 2018 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 43 रन रहा था।
