अयोध्या से नेपाल के जनकपुर तक चलने वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस 604 किलोमीटर की दूरी करीब 18 घंटे में तय करेगी। रेलवे सूत्रों के अनुसार, ट्रेन में कुल सीटों का 70 प्रतिशत कोटा अयोध्या से जनकपुर तक की सीधी यात्रा के लिए आरक्षित रहेगा, जबकि 30 प्रतिशत सीटें मध्यवर्ती स्टेशनों से बुकिंग के लिए निर्धारित होंगी। यह व्यवस्था यात्रियों की सुविधा और मांग को ध्यान में रखकर की गई है।
ट्रेन का ठहराव अयोध्या कैंट, मनकापुर, बस्ती, गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, शिहसो, मधुबनी, जयनगर और जनकपुर पर होगा। सरयू-कमला एक्सप्रेस साप्ताहिक आधार पर चलेगी और इसमें 17 एलएचबी कोच हैं, जिनमें एसी द्वितीय, एसी तृतीय और स्लीपर कोच शामिल हैं। ट्रेन की कुल यात्री क्षमता 1158 है। ट्रेन का नाम अयोध्या की सरयू नदी और जनकपुर क्षेत्र की कमला नदी के नाम पर रखा गया है।
टिकट बुकिंग आईआरसीटीसी वेबसाइट, मोबाइल एप और आरक्षण काउंटरों से की जा सकेगी और यात्रियों को वैध पहचान पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। रेलवे ने स्पष्ट किया है कि इस ट्रेन में तत्काल और वेटिंग लिस्ट जैसी सुविधाएं उपलब्ध नहीं होंगी; केवल कन्फर्म टिकट पर ही यात्रा संभव होगी।
रेलवे जनसंपर्क विभाग के अनुसार, पहले दिन ट्रेन उद्घाटन ट्रेन के रूप में रवाना हुई और इसके लिए 1100 यात्रियों ने पास लिया है। इनमें अयोध्या के अतिरिक्त लखनऊ, बनारस, राजस्थान और कोलकाता के लोग शामिल हैं। पारगमन एवं भंसार की प्रक्रिया को लेकर अभी स्पष्ट दिशा-निर्देश नहीं मिला है।
