दिल्ली में स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय (DGHS) को करीब 21 महीने बाद नया पूर्णकालिक निदेशक मिल गया है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने 21 नवंबर को जारी आदेश के तहत डॉ. अतुल मोहन कोचर को इस पद पर नियुक्त किया है। वह तत्काल प्रभाव से जिम्मेदारी संभालेंगे। इसके साथ ही जीटीबी अस्पताल के निदेशक डॉ. विनोद कुमार से DGHS का अतिरिक्त प्रभार वापस ले लिया गया है।

डॉ. कोचर इससे पहले राष्ट्रीय प्रत्यायन बोर्ड (NABH) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) रहे हैं। दिसंबर 2019 से मार्च 2026 तक उन्होंने इस पद पर काम किया। इससे पहले वह मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज और लोकनायक अस्पताल में त्वचा रोग विभाग में प्रोफेसर एवं परामर्शदाता रहे हैं।

दिल्ली के स्वास्थ्य प्रशासन में DGHS का पद पिछले करीब दो वर्षों से लगातार बदलाव और विवादों के कारण चर्चा में रहा है। डॉ. वंदना बग्गा को जनवरी 2025 में निलंबित किया गया था। इसके बाद अप्रैल 2025 में डॉ. रति मक्कड़ को जिम्मेदारी दी गई, लेकिन करीब तीन महीने बाद उन्होंने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (VRS) ले ली। अगस्त 2025 में डॉ. वत्सला अग्रवाल को नया महानिदेशक बनाया गया। 842 करोड़ रुपये के दवा और चिकित्सा उपकरण खरीद घोटाले में नाम आने के बाद उन्हें नौ जून 2026 को निलंबित कर दिया गया, जिसके बाद भ्रष्टाचार निरोधक शाखा ने उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। फिलहाल वह जमानत पर हैं।

इसके बाद जग प्रवेश चंद्र अस्पताल की चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुषमा जैन को अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई, लेकिन वह चिकित्सा अवकाश पर चली गईं। सूत्रों के अनुसार एक अधिकारी ने पद संभालने से इनकार कर दिया और स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति की इच्छा तक जता दी। ऐसे में जीटीबी अस्पताल के डॉ. विनोद कुमार को अतिरिक्त प्रभार देकर काम चलाया जा रहा था। लगातार विवादों और प्रशासनिक दबाव के बीच डॉ. कोचर की दिल्ली राज्य सेवा में वापसी के बाद उन्हें यह जिम्मेदारी दी गई है।