दिल्ली प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (डीटीयू) ऊंची इमारतों पर वर्टिकल एक्सिस विंड टरबाइन लगाकर हवा से बिजली बनाने की तकनीक विकसित कर रहा है। डीटीयू के सिविल इंजीनियरिंग विभाग की डॉ. रितु राज के मुताबिक, इस तकनीक के लिए कम से कम 10 से 20 मंजिल ऊंची इमारतें उपयुक्त होंगी। जमीन से ऊंचाई बढ़ने के साथ हवा की गति में बदलाव आता है। दिल्ली-एनसीआर में 10 से 20 मीटर की ऊंचाई पर हवा की औसत गति 1.5 से 3.5 मीटर प्रति सेकंड रहती है, जबकि गर्मियों में यह चार से छह मीटर प्रति सेकंड तक पहुंच जाती है। वहीं, 50 से 120 मीटर की ऊंचाई पर इमारतों की बनावट के कारण हवा की गति बढ़ने से बिजली उत्पादन की संभावनाएं बेहतर हो जाती हैं।
डॉ. रितु राज ने बताया कि वर्टिकल एक्सिस विंड टरबाइन से बिजली उत्पादन के लिए छह से आठ मीटर प्रति सेकंड की हवा की गति जरूरी है। इस तकनीक पर शोध जारी है और करीब 60 से 70 फीसदी काम पूरा हो चुका है। अगले साल तक इसके परिणाम आने की उम्मीद है।
तकनीक के तहत हवा की ऊर्जा से टरबाइन घूमेगी। इसकी गति गियर ट्रेन के माध्यम से वाउंड रोटर इंडक्शन जनरेटर तक पहुंचेगी। जनरेटर यांत्रिक ऊर्जा को बिजली में बदलेगा। इसके बाद कन्वर्टर की मदद से बिजली को नियंत्रित कर इमारत में इस्तेमाल करने और ग्रिड तक पहुंचाने की व्यवस्था होगी।
इस तकनीक से इमारतों में बिजली की जरूरत का कुछ हिस्सा खुद पूरा करने में मदद मिलेगी। साथ ही, ऊर्जा उत्पादन के लिए छतों पर सोलर पैनल लगाने की निर्भरता भी कम हो सकेगी। यह तकनीक शहरी क्षेत्रों में स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन का एक नया विकल्प बन सकती है।
