ढाका: बांग्लादेश की हाई कोर्ट ने सरकार से 16 साल से कम उम्र के बच्चों के सोशल मीडिया इस्तेमाल को नियंत्रित करने के लिए गाइडलाइन तैयार करने को कहा है। कोर्ट ने यह आदेश एक याचिका पर सुनवाई के दौरान दिया, जिसमें आरोप लगाया गया था कि सरकार इस उम्र के बच्चों के सोशल मीडिया इस्तेमाल को लेकर कोई नीति नहीं बना पाई है। याचिका में इसे सरकार की नाकामी बताया गया था।
जस्टिस सिकदर महमूदुर राजी और जस्टिस फातिमा अनवर की पीठ ने सुनवाई के बाद डाक और दूरसंचार विभाग के अधिकारियों को जरूरी कदम उठाने का निर्देश दिया है। कोर्ट ने एक्सपर्ट की एक कमेटी गठित करने का भी आदेश दिया है, जिसमें साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ, बाल मनोवैज्ञानिक, बाल रोग विशेषज्ञ और कानूनी विशेषज्ञ शामिल होंगे। यह कमेटी जांच करेगी कि एल्गोरिदम आधारित फीड बच्चों के व्यवहार, ऑनलाइन कंटेंट तक उनकी पहुंच और उनके समग्र विकास को किस तरह प्रभावित करती है।
यह आदेश ऐसे समय में आया है जब दुनिया भर में बच्चों पर सोशल मीडिया के असर को लेकर चिंताएं बढ़ रही हैं और कई देश बच्चों को ऑनलाइन कंटेंट से दूर रखने के उपाय कर रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया ने दिसंबर 2025 में एक कानून लाकर प्रमुख सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के लिए 16 साल से कम उम्र के बच्चों का एक्सेस ब्लॉक करना अनिवार्य किया है, जिसे दुनिया के सबसे सख्त नियमों में माना जाता है। कानून का पालन न करने पर कंपनियों पर 3.49 करोड़ अमेरिकी डॉलर तक का जुर्माना लग सकता है।
ब्राजील ने 17 मार्च से 16 साल से कम उम्र के बच्चों के सोशल मीडिया अकाउंट को किसी अभिभावक से जोड़ना अनिवार्य किया है। चीन में बच्चों के लिए माइनर मोड लागू है, जबकि जर्मनी में 13 से 16 साल के नाबालिग माता-पिता की सहमति के बाद ही सोशल मीडिया का इस्तेमाल कर सकते हैं। ग्रीस ने 15 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर रोक की घोषणा की है, जिसे 1 जनवरी 2027 से लागू किया जाएगा। इटली में 14 साल से कम उम्र के बच्चों को सोशल मीडिया अकाउंट बनाने के लिए माता-पिता की मंजूरी जरूरी है। ब्रिटेन भी ऑस्ट्रेलिया की तरह प्रतिबंध पर विचार कर रहा है, जबकि फ्रांस की नेशनल एसेंबली ने जनवरी 2026 में 15 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया प्रतिबंध वाले कानून को मंजूरी दी है, जिसे सीनेट से पास होना है।
