ढाका: बांग्लादेश में सड़कों पर जारी बवाल के बीच शेख हसीना के गढ़ माने जाने वाले गोपालगंज से बड़े पैमाने पर हिंसा की खबरें सामने आ रही हैं। अवामी लीग और उसके छात्र संगठन छात्र लीग के हजारों सदस्य सड़कों पर उतर आए हैं। मंगलवार देर शाम अवामी लीग कार्यकर्ताओं ने सत्ताधारी बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के सांसद एसएम जिलानी के घर में आग लगा दी। इसके अलावा तुंगीपाड़ा पुलिस स्टेशन को भी आग के हवाले कर दिया गया।

मंगलवार रात करीब 9 बजे फरीदपुर के भांगा में अवामी लीग और छात्र लीग के सदस्यों ने ढाका-बरिसाल हाईवे जाम कर दिया। इस दौरान तीन बाइक में आग लगा दी गई। इस घटना में कृषक दल के नेता राजू मुल्ला की बुरी तरह झुलसने से मौत हो गई। कृषक दल BNP की किसान शाखा है।

डेली स्टार की रिपोर्ट के अनुसार, हिंसा तब भड़की जब तुंगीपाड़ा पुलिस ने अवामी लीग के नेताओं और कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारियों के बाद मस्जिदों के लाउडस्पीकरों से ऐलान किया गया। बड़ी संख्या में अवामी लीग कार्यकर्ता जमा हुए और पुलिस स्टेशन पर धावा बोल दिया। रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस स्टेशन को आग लगा दी गई और हिरासत में लिए गए लोगों को छुड़ा लिया गया। इसके बाद अवामी लीग के कार्यकर्ता पुलिस स्टेशन से लगभग 1.5 किमी दूर BNP सांसद एसएम जिलानी के घर पर पहुंचे और इसमें तोड़फोड़ के बाद आग लगा दी गई। ढाका ट्रिब्यून ने प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से बताया है कि हमलावर अवामी लीग और शेख हसीना के समर्थन में नारे लगा रहे थे।

बांग्लादेश के गृह मंत्री सलाहुद्दीन अहमद ने तुंगीपाड़ा पुलिस स्टेशन पर हमले का जिक्र करते हुए गोपालगंज के निवासियों से अपील की है कि वे सीमा पार से आ रहे उकसावों के झांसे में न आएं। अहमद ने कहा कि इलाके में पुलिस, बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश और दूसरे सुरक्षा बल तैनात थे, लेकिन जान-माल के नुकसान से बचने के लिए सरकार ने सख्त कार्रवाई नहीं की। मंत्री ने चेतावनी दी कि वीडियो फुटेज और तस्वीरों के जरिए पुलिस स्टेशन पर हमले, आगजनी और तोड़फोड़ में शामिल लोगों की पहचान की जाएगी और उन्हें कानून से सजा दिलाई जाएगी। BNP के कार्यवाहक महासचिव रूहुल कबीर रिजवी ने कहा कि कच्चे बम धमाकों, बसों में आगजनी और पुलिस चौकियों पर हमले के जरिए सत्ता में लौटने की कोशिश की जा रही है और ऐसी घटनाएं देश की लोकतांत्रिक यात्रा को रास्ते से नहीं हटा पाएंगी।

ये घटनाएं ऐसे समय में हुई हैं, जब बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने दिसंबर 2026 तक देश वापस लौटने का ऐलान किया है। बांग्लादेश में राजनीतिक तनाव चरम पर है और पिछले कई दिनों से लगभग रोज ही देशी बम धमाकों और वाहनों में आगजनी की खबरें आ रही हैं। इन घटनाओं ने चिंता पैदा कर दी है कि क्या बांग्लादेश एक बार फिर राजनीतिक अस्थिरता की ओर बढ़ रहा है।