बाराबंकी में विकास प्राधिकरण के गठन के साथ 402 ग्राम पंचायतें इसके दायरे में आएंगी। इनमें सदर की 371 और फतेहपुर की 31 पंचायतें शामिल हैं। प्राधिकरण के दायरे में नवाबगंज, बंकी, देवा, सतरिख और जैदपुर के साथ ये पंचायतें आएंगी। करीब 13.68 लाख आबादी और जिले के लगभग एक चौथाई क्षेत्रफल पर प्राधिकरण का नियंत्रण होगा। इससे खेतों में मनमाने तरीके से प्लाटिंग पर रोक लगेगी और नियोजित विकास को बढ़ावा मिलेगा।
विकास प्राधिकरण बनने के बाद जमीन के कारोबार का तरीका बदल जाएगा। अभी अधिकांश डीलर किसान से अनुबंध करते हैं और प्लाट की रजिस्ट्री किसान से सीधे खरीदार के नाम कराते हैं, जिससे स्टांप शुल्क एक ही बार मिलता है। प्राधिकरण बनने के बाद डीलर को पहले जमीन अपनी फर्म के नाम रजिस्ट्री करानी होगी, फिर वह खरीदार को प्लाट बेच सकेगा। एक ही जमीन पर दो बार रजिस्ट्री होगी और स्टांप शुल्क भी दो बार सरकार को मिलेगा।
दस्तावेज नवीस संजय वर्मा के अनुसार शहरी क्षेत्र में बिक्री विलेख पर सात प्रतिशत स्टांप शुल्क और एक प्रतिशत निबंधन शुल्क लगता है। किसान से फर्म और फर्म से खरीदार, दोनों चरणों में यही शुल्क देना होगा। इससे उप निबंधक कार्यालय नवाबगंज का संग्रह बढ़ेगा। डीलर यह खर्च खरीदार पर डाल सकते हैं, लेकिन वैध लेआउट और साफ कागज लंबे समय में फायदेमंद होगा।
अभी सबसे बड़ी खामी यह है कि डीलर सामने नहीं आता और प्लाट बेचकर निकल जाता है। कार्रवाई होने पर नोटिस किसान और खरीदार को जाता है, जबकि बीच का असली कारोबारी कागजों में कहीं नहीं होता। प्राधिकरण बनने पर डीलर का नाम पहली रजिस्ट्री में ही दर्ज हो जाएगा और जवाबदेही तय होगी। अवैध लेआउट पकड़े जाने पर कार्रवाई सीधे फर्म पर होगी। खरीदार को भी लाभ होगा, क्योंकि बिना स्वीकृत लेआउट के प्लाट नहीं बेचा जा सकेगा और लेआउट में सड़क, नाली, पानी और बिजली का खाका पहले देना होगा।
