भागलपुर-नवगछिया गंगा जलमार्ग पर जहाजों की सीमित संख्या के बीच एक बड़े मालवाहक जहाज का परिचालन टेंडर की छह माह की अवधि पूरी होने के बाद रोक दिया गया है। जीरिया एजेंसी के इस जहाज के बंद होने से यात्रियों को पहले से ही भारी भीड़ का सामना करना पड़ रहा था, और अब मुश्किलें और बढ़ गई हैं।
शनिवार को नवगछिया से भागलपुर आ रहा एक जहाज बीच रास्ते में फंस गया, जिससे यात्रियों में हड़कंप मच गया। जहाज पर सवार अधिकांश यात्री सरकारी शिक्षक थे, जो हाफ डे के बाद अपने घर लौट रहे थे और घंटों फंसे रहे। बियाडा घाट पर रविवार की छुट्टी और शादी-विवाह के सीजन के कारण यात्रियों की संख्या में अचानक काफी वृद्धि हुई है, खासकर नवगछिया की ओर से भागलपुर आने वालों की संख्या में बड़ा इजाफा हुआ है। इससे जहाजों पर यात्रियों के साथ-साथ मोटरसाइकिलों की संख्या भी क्षमता से अधिक हो गई है।
स्थानीय यात्रियों रमेश और मोहित ने बताया कि लगन शुरू होने और रविवार की छुट्टी के कारण लोग सपरिवार गंगा पार आ-जा रहे हैं, जिससे घाटों और जहाजों पर सामान्य दिनों की तुलना में कई गुना अधिक भीड़ देखी जा रही है। शनिवार को जहाज पर जल्द सवार होने की आपाधापी के बीच बियाडा घाट पर तैनात एक कर्मी और बाइक सवार युवक के बीच हिंसक झड़प की नौबत आ गई। बताया गया कि बियाडा घाट से नवगछिया जा रहे संतोष नामक युवक ने अपनी बाइक का टिकट नहीं लिया था और सीधे पैसे देने की बात कही थी, इसी अफरातफरी में किसी कारणवश घाट कर्मी का हाथ दब गया। इसके बाद दोनों के बीच गाली-गलौज और धक्का-मुक्की शुरू हो गई। स्थिति बिगड़ती देख घाट अधिकारियों और सुरक्षा बलों ने तुरंत हस्तक्षेप किया और दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया, इसके बाद ही युवक को जहाज से गंगा पार भेजा जा सका।
इधर, जहाज से नियमित सफर करने वाले मरीजों की संख्या में पिछले कुछ दिनों से कमी देखी जा रही है। दरअसल, पिछले दिनों जहाज से गंगा पार ले जाने के दौरान समय पर इलाज न मिलने से एक गर्भवती महिला के बच्चे की मौत की हृदयविदारक घटना सामने आई थी। इस हादसे के बाद से प्रशासन के साथ-साथ मरीजों के परिजन भी बेहद सतर्क हो गए हैं और अब लोग गंभीर मरीजों तथा गर्भवती महिलाओं को जहाज के रास्ते ले जाने से कतरा रहे हैं।
