मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को गीडा के 37वें स्थापना दिवस समारोह का शुभारंभ करेंगे। 29 नवंबर से एक दिसंबर तक चलने वाले तीन दिवसीय आयोजन के उद्घाटन मौके पर औद्योगिक प्रदर्शनी सह व्यापार मेले और बायर्स-सेलर्स मीट की भी शुरुआत होगी। समारोह में पांच कंपनियों के साथ 17,650 करोड़ रुपये के प्रस्तावित निवेश समझौतों पर हस्ताक्षर होंगे।
गीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विशाल कुमार के अनुसार, समारोह में औद्योगिक विकास के साथ स्थानीय उद्यमियों को नए बाजार उपलब्ध कराने पर विशेष जोर रहेगा। पहली बार विदेशी खरीदार भी इस आयोजन में शामिल होंगे। एमओयू में सबसे बड़ा निवेश हरित ऊर्जा क्षेत्र में प्रस्तावित है, जहां एक्मे कंपनी ग्रीन अमोनिया परियोजना के लिए 16,000 करोड़ रुपये लगाएगी। इसके अलावा सिम्बायोटिक थेराप्यूटिक्स दवा निर्माण में 500 करोड़, आर्बिट ग्रुप आयरन, स्टील और एल्युमीनियम व्हील रोलिंग में 500 करोड़, एसआर मदर्स नेचर डिस्टिलरीज आसवनी में 500 करोड़ और दीपक नेक्सजेन फीड्स मत्स्य आहार इकाई में 150 करोड़ रुपये निवेश करेगी।
मुख्यमंत्री गीडा और धुरियापार इंडस्ट्रियल टाउनशिप के विकास के लिए 502 करोड़ रुपये की 104 परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण भी करेंगे। इनमें 188.84 करोड़ रुपये की 40 परियोजनाओं का लोकार्पण और 313.47 करोड़ रुपये की 64 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है। इनमें सड़क, बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के साथ श्रमिकों के लिए लेबर डारमेट्री का निर्माण भी शामिल है।
बायर्स-सेलर्स मीट में जापान, नेपाल, आस्ट्रिया, वियतनाम और श्रीलंका के प्रतिनिधि शामिल होंगे, जबकि दिल्ली, पंजाब, मुंबई समेत देश के विभिन्न हिस्सों से खरीदार और कारोबारी पहुंचेंगे। औद्योगिक प्रदर्शनी सह व्यापार मेले में करीब पांच दर्जन स्टाल लगाए जाएंगे, जिनमें गारमेंट पार्क और प्लास्टिक पार्क के उत्पादों के साथ फर्नीचर, स्टार्टअप और एक जिला एक व्यंजन के स्टाल भी होंगे।
