भोपाल के शाहपुरा थाना पुलिस ने टूर एंड ट्रैवल्स के नाम पर लग्जरी कारें किराए पर लेकर उन्हें गिरवी रखने और बेचने वाले गिरोह का खुलासा किया है। आरोपियों पर कारों को डुप्लीकेट चाबी से चुराने का भी आरोप है। पुलिस ने सरगना जमीर समेत आजम खान और पवन गौतम को गिरफ्तार किया है और एक कार बरामद की है। शुरुआती जांच में गिरोह के तार शिमला तक जुड़े मिले हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपित कार मालिकों को सरकारी विभागों और निजी कंपनियों के पास गाड़ियां अटैच कराने का भरोसा देकर आकर्षक किराए का लालच देते थे। कुछ महीने किराया देने के बाद वे गाड़ियों से जीपीएस निकालकर उन्हें दूसरे राज्यों में बेच देते या गिरवी रख देते थे। इसके बाद उन्हीं कारों को डुप्लीकेट चाबी से चुराकर गायब कर दिया जाता था। शक से बचने के लिए कुछ मामलों में वाहन वापस भी कर दिए जाते थे।
शुक्रवार को पुलिस ने घेराबंदी कर जमीर और आजम को अशोका गार्डन से तथा पवन गौतम को नेहरू नगर से गिरफ्तार किया। तीनों को कोर्ट में पेश कर सात दिन की रिमांड पर लिया गया है। एसीपी हबीबगंज कार्निक श्रीवास्तव ने बताया कि शाहपुरा थाने में तीन वाहनों से संबंधित मामले दर्ज हैं और गिरोह के अन्य सदस्यों तथा उनके नेटवर्क के बारे में पूछताछ की जा रही है।
भोपाल में इस तरह की ठगी के करीब दस मामले बागसेवनिया, शाहपुरा और चुनाभट्टी थानों में दर्ज हैं, जबकि कई शिकायतें जांच में हैं। पुलिस सौरभ तिवारी समेत अन्य लोगों की तलाश कर रही है। जमीर का नाम पहले भी बागसेवनिया थाने में रेंटल कार धोखाधड़ी के मामले में सामने आ चुका है। जांच में साइबर क्राइम में पदस्थ एक सिपाही की भूमिका भी संदेह के घेरे में है, हालांकि उसकी संलिप्तता के पुख्ता प्रमाण अभी सामने नहीं आए हैं।
