अगरतला : त्रिपुरा के सिपाहीजाला जिला प्रशासन ने शनिवार को बोक्सानगर इलाके के अशाबारी में अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया। इस दौरान सरकारी जमीन पर अवैध रूप से बने सात घरों को बुलडोजर से गिरा दिया गया। यह कार्रवाई संवेदनशील सीमावर्ती इलाके में 2 नवंबर को सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवानों पर हुए हमले के कुछ हफ्तों बाद की गई है। अभियान BSF की 49वीं बटालियन की बॉर्डर आउटपोस्ट (BOP) के पास शुरू हुआ और इसे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अंजाम दिया गया। इलाके में पुलिस और BSF के जवानों की भारी तैनाती रही।
त्रिपुरा पुलिस के IG (कानून-व्यवस्था) इप्पर मनचक ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा BSF जवानों पर किया गया हमला गंभीर घटना थी। इस दौरान जवानों के साथ मारपीट की गई और कथित तौर पर उनके हथियार छीनने की कोशिश भी की गई। उन्होंने कहा कि पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इस मामले में अब तक 24 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें कई महिलाएं भी शामिल हैं। सभी आरोपी न्यायिक हिरासत में हैं और बचे हुए आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की जा रही है।
मनचक के अनुसार, जांच में कुछ लोगों के तस्करी और अन्य असामाजिक गतिविधियों में शामिल होने की बात सामने आई। इसके बाद जिला प्रशासन ने इलाके में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे की जांच शुरू की। विस्तृत जांच के बाद BSF ने पांच लोगों को नोटिस जारी कर उनसे संबंधित दस्तावेज मांगे। जमीन के रिकॉर्ड और मालिकाना हक के कागजात की जांच से अवैध कब्जे की पुष्टि हुई।
जरूरी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शनिवार को अभियान चलाया गया, जिसका नेतृत्व जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) ने किया। इसमें वन विभाग के अधिकारी, BSF के जवान और जिला प्रशासन के अधिकारी शामिल थे। अभियान को शांतिपूर्ण ढंग से पूरा करने के लिए 100 से ज़्यादा सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए थे। मनचक ने बताया कि BSF के अधिकार क्षेत्र वाली जमीन पर बने पांच घर और वन विभाग की जमीन पर बने दो घर ध्वस्त किए गए। IG ने स्पष्ट किया कि बेदखली की कार्रवाई आने वाले दिनों में भी जारी रहेगी, क्योंकि अन्य लोगों को भी नोटिस भेजे गए हैं और उनके दस्तावेजों की जांच की जा रही है।
