बाराबंकी के रामनगर स्थित बिलखिया देवसानी गन्ना तौल केंद्र पर पिछले तीन दिनों से तौल नहीं हो रही है। केंद्र से गन्ना लेकर ट्रक हैदरगढ़ चीनी मिल जाता है, लेकिन ट्रक न पहुंचने के कारण गन्ने से लदी करीब 36 ट्रालियां केंद्र पर ही खड़ी हैं। किसान दिन-रात तौल का इंतजार कर रहे हैं, पर समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है।

किसानों के मुताबिक, पिछले तीन दिनों में केंद्र पर केवल एक ट्रक ही पहुंचा, जिससे तौल का काम बंद पड़ा है और ट्रालियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। कटहरी निवासी सुंदर सिंह, सैदनपुर निवासी परागी, सेमराय निवासी राणा प्रताप सिंह, अमन सिंह और रामशंकर समेत अन्य किसानों ने बताया कि 24 घंटे में एक कुंतल गन्ने का वजन करीब 5 से 7 किलो तक कम हो रहा है। उन्होंने बताया कि खेतों में खड़ा गन्ना भी सूखने लगा है, जिससे उनकी कमाई पर सीधा असर पड़ सकता है।

किसानों की चिंता केवल वजन घटने तक सीमित नहीं है। उनके मुताबिक, गन्ना पर्ची पर तय तारीख या समय तक तौल केंद्र न पहुंचने पर पर्ची निरस्त होने का भी खतरा रहता है, और ऐसी स्थिति में दोबारा पर्ची के लिए आवेदन करना पड़ता है। किसानों का आरोप है कि खाद, बीज, सिंचाई और मजदूरी पर खर्च लगातार बढ़ रहा है, जिससे देरी की मार और भारी पड़ रही है।

किसानों ने संबंधित अधिकारियों से जल्द पर्याप्त ट्रकों की व्यवस्था कराने और तौल सुचारु रूप से शुरू कराने की मांग की है। साथ ही प्रशासन से हस्तक्षेप कर कार्रवाई की मांग भी की गई है।