भारत प्रशासित कश्मीर के बारामूला ज़िले के रहने वाले इरफ़ान हसन शाह का शव पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर में नीलम नदी से मिला है। पाकिस्तान के अधिकारियों ने शव मुज़फ़्फ़राबाद में रह रही उनकी पत्नी और बच्चों को सौंप दिया। अधिकारियों के मुताबिक़, 23 नवंबर की सुबह करीब 11 बजे नीलम ज़िले के केरन इलाक़े से होकर बहने वाली नीलम नदी से शव निकाला गया। डिज़ास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी की टीम ने स्थानीय पुलिस और अन्य की मदद से शव को नदी से बाहर निकाला। मृतक की जेब से भारत सरकार का पहचान पत्र मिला, जिसके आधार पर उनकी पहचान रफ़ियाबाद डंगीवच्छा, बारामूला के निवासी के रूप में हुई।

ज़िला प्रशासन ने पहचान पत्र और शव की तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की, जिसके बाद मुज़फ़्फ़राबाद में रह रहे उनके बच्चों और पत्नी तक सूचना पहुंची। बच्चों ने अधिकारियों से संपर्क कर शव की पहचान अपने पिता के रूप में की। परिवार और अधिकारियों को शक है कि इरफ़ान पत्नी और बच्चों से मिलने के लिए बारामूला से नीलम ज़िले तक पहुंचे थे और नदी पार करने की कोशिश में तेज़ बहाव में बह गए। बच्चों का दावा है कि करीब 15 दिन पहले उनके पिता से आख़िरी बार बात हुई थी, जब उन्होंने कहा था कि वह हर हाल में पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर पहुंचने की कोशिश करेंगे।

भारत सरकार ने अप्रैल 2025 में हुए पहलगाम हमले के बाद इरफ़ान की पत्नी और बच्चों को पाकिस्तानी नागरिक होने के कारण डिपोर्ट कर दिया था, जिसके बाद परिवार मुज़फ़्फ़राबाद में रहने लगा था। इरफ़ान भारतीय नागरिक थे, इसलिए वे बारामूला ज़िले में ही रह गए थे। शव मिलने के बाद इस पर विवाद शुरू हो गया कि भारतीय नागरिक होने के कारण शव भारतीय अधिकारियों को सौंपा जाए या मुज़फ़्फ़राबाद में रह रही उनकी पत्नी और बच्चों को।

असिस्टेंट कमिश्नर अथकमाम चौधरी बशारत ने बताया कि जम्मू कश्मीर में रह रहे इरफ़ान के भाई और बहनों की सहमति के बाद शव मुज़फ़्फ़राबाद में रह रही उनकी पत्नी और बच्चों को सौंपा गया। उनके मुताबिक़, जब मृतक की पत्नी और बच्चे मौजूद हों, तो विरासत के अधिकार के लिहाज़ से वे सबसे पहले हक़दार होते हैं। इसी वजह से सभी ज़रूरी मंज़ूरी और क़ानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिवार को सौंपा गया। अधिकारियों के मुताबिक़, इस पूरी प्रक्रिया में तीन दिन लगे, जिसके बाद मुज़फ़्फ़राबाद में इरफ़ान की नमाज़-ए-जनाज़ा अदा की गई।