बड़वानी जिले के सेंधवा ग्रामीण थाना क्षेत्र में एबी रोड पर ग्राम गवाड़ी स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप पर 20 नवंबर को लूट की कोशिश के दौरान गोली चलाने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक पद्म विलोचन शुक्ला के अनुसार आरोपियों ने अपने निजी शौक और खर्च पूरे करने के लिए लूट की योजना बनाई थी।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आछली गांव के साईं सिंह सोलंकी, शिवराज बर्डे और अजय सेनानी के रूप में हुई है। चौथा आरोपी नीलेश सेनानी वरला थाना क्षेत्र के राजनगांव का निवासी है, जिस पर दोनों देसी पिस्तौल उपलब्ध कराने का आरोप है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो देसी पिस्तौल, चार जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल जब्त की है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब दो लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी पेट्रोल पंप से परिचित थे और अक्सर वहां आते-जाते थे। घटना से दो दिन पहले रेकी कर उन्होंने लूट की योजना बनाई थी। वारदात वाले दिन आरोपी चेहरे ढंककर बाइक में पेट्रोल भरवाने के बहाने पंप पर पहुंचे। बाहर मौजूद कर्मचारी को ढंके चेहरों पर शक हुआ और उसने साथी को सतर्क कर केबिन का दरवाजा बंद करने को कहा। दरवाजा बंद होते ही आरोपियों ने एक फायर हवा में और दूसरा केबिन के दरवाजे पर किया और बिना कुछ लूटे भाग निकले।
अपर पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर और सेंधवा एसडीओपी अजय वाघमारे की निगरानी में गठित तीन टीमों ने सीसीटीवी फुटेज, संदिग्धों पर नजर और साइबर तकनीकी मदद से आरोपियों की पहचान की। पूछताछ में आरोपियों ने दोनों पिस्तौल नीलेश सेनानी से खरीदने की बात बताई, जिसके बाद उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया। नीलेश ने हथियार किसी अज्ञात व्यक्ति से हासिल करने की बात कही है। पुलिस उस सप्लायर और अन्य संभावित साथियों की तलाश कर रही है। बिजासन पुलिस चौकी प्रभारी रोहित पाटीदार ने बताया कि वारदात के बाद आरोपी एक होटल में मौज-मस्ती करते दिखे थे। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। एसपी ने बताया कि पंप पर सुरक्षा संबंधी खामियां मिलने पर प्रबंधन को नोटिस जारी किया गया है और संबंधित ईंधन कंपनी तथा जिला कलेक्टर को भी जानकारी दी गई है।
