बेगूसराय के बछवाड़ा प्रखंड की दादुपुर पंचायत में सड़क निर्माण की तीन योजनाओं में अनियमितता सामने आई है। जांच में पाया गया कि प्राक्कलन और अभिलेख में सड़क की मोटाई छह इंच निर्धारित थी, लेकिन स्थल पर तीनों सड़कों की ढलाई महज तीन इंच मिली। मामले में प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. अमित कुमार ने कनीय अभियंता सह तकनीकी सहायक राजेश कुमार के विरुद्ध बछवाड़ा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
बीडीओ की ओर से दिए गए आवेदन के अनुसार, दादुपुर पंचायत में संचालित तीन योजनाओं की जांच की गई। इनमें वित्तीय वर्ष 2025-26 की योजना संख्या 10 के तहत प्रधानमंत्री सड़क से महेंद्र पासवान के घर तक सोख्ता सह पीसीसी ढलाई कार्य शामिल है। वहीं, वित्तीय वर्ष 2026-27 की योजना संख्या 01 के तहत राम बालक चौधरी के घर से गंगाराम चौधरी के घर तक सोख्ता सह पीसीसी निर्माण तथा योजना संख्या 02 के तहत मनोज राय के घर से ज्वाला राय के घर तक पीसीसी ढलाई का काम कराया गया था।
जांच में तीनों योजनाओं के निर्माण कार्य में गंभीर अनियमितता सामने आई। प्राक्कलन और अभिलेख में सड़क की मोटाई छह इंच निर्धारित थी, लेकिन स्थल जांच में तीनों सड़कों की मोटाई महज तीन इंच पाई गई। बीडीओ ने अपने आवेदन में इसे सरकारी राशि के गबन की मंशा से की गई अनियमितता की आशंका से जोड़ते हुए कनीय अभियंता की भूमिका पर सवाल उठाए हैं।
गौरतलब है कि कनीय अभियंता राजेश कुमार के खिलाफ इससे पहले भी प्रखंड मुखिया संघ के अध्यक्ष सह रानी तीन पंचायत के मुखिया अमरजीत राय और प्रखंड प्रमुख सुधाकर मेहता ने बीडीओ को लिखित शिकायत दी थी, जिसमें विभिन्न पंचायतों की योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही का आरोप लगाया गया था। थानाध्यक्ष ने बताया कि बीडीओ के आवेदन के आधार पर बीएनएस की सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की अनुसंधान शुरू कर दी गई है और पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
