पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची से हटाए गए लोगों के नाम बहाल कराने की मांग पर सुप्रीम कोर्ट ने अहम निर्देश दिए हैं। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ ने कहा कि नाम बहाली के लिए अपील करने वाले 22 लाख लोगों के मामलों की प्राथमिकता के आधार पर सुनवाई हो। राज्य में ऐसी कुल 38 लाख अपीलें लंबित हैं। पीठ में जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना भी शामिल थे। कोर्ट ने कहा कि 22 लाख मामलों में भी कोलकाता नगर निगम (केएमसी) के वार्डों से जुड़े मामलों को पहले सुना जाए, क्योंकि नगर निकाय चुनाव आगामी हैं।
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, सुप्रीम कोर्ट ने कोलकाता हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश से चुनाव आयोग के साथ विचार-विमर्श कर ट्रिब्यूनल की संख्या बढ़ाने को कहा है। फिलहाल 19 ट्रिब्यूनल काम कर रहे हैं और लंबित अपीलों की बड़ी संख्या को देखते हुए इन्हें बढ़ाना जरूरी बताया गया। कोर्ट ने चुनाव आयोग से अलग-अलग स्थानों पर ट्रिब्यूनल के लिए अतिरिक्त जगह की व्यवस्था करने को भी कहा, ताकि अपील करने वालों को परेशानी न हो।
विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान करीब 90 लाख मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए थे। इन्हें अनुपस्थित, स्थानांतरित, डुप्लीकेट या मृत घोषित किया गया था, जबकि कुछ नाम मैपिंग से जुड़ी 'लॉजिकल विसंगति' के आधार पर चिह्नित किए गए थे। इसके बाद नाम हटाए जाने के खिलाफ 38 लाख अपीलें दाखिल हुईं। सुनवाई के दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता प्रशांत भूषण ने बताया कि ट्रिब्यूनल अब तक करीब 1.4 लाख मामलों का निपटारा कर चुके हैं और इनमें 90 फीसदी से अधिक मामलों में अपील स्वीकार कर नाम बहाल किए गए। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने अपील की है, उन्हें आगामी चुनावों में मतदान की अनुमति दी जानी चाहिए।
भूषण ने आरोप लगाया कि सुप्रीम कोर्ट पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि मतदाता सूची से नाम हटने का असर नागरिकता समेत किसी अन्य अधिकार पर नहीं पड़ेगा, लेकिन राज्य सरकार कथित तौर पर ऐसे लोगों को पीडीएस के तहत राशन और अन्नपूर्णा योजना समेत विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ नहीं दे रही है। सॉलिसीटर जनरल तुषार मेहता ने इन आरोपों को निराधार बताया और कहा कि याचिकाकर्ताओं ने अपने दावे के समर्थन में एक भी उदाहरण पेश नहीं किया है। पीठ ने राज्य सरकार से इन आरोपों पर जवाब दाखिल करने को कहा है।
एक अन्य मामले में सुप्रीम कोर्ट ने पश्चिम बंगाल सरकार की उस अपील पर सुनवाई बुधवार तक के लिए टाल दी, जिसमें कलकत्ता हाईकोर्ट की खंडपीठ के अंतरिम आदेश को चुनौती दी गई है। हाईकोर्ट ने राज्य निर्वाचन आयोग को कोलकाता नगर निगम चुनाव का कार्यक्रम घोषित करने से रोक दिया था। इस मामले में नगर निगम के वार्डों की संख्या 144 से बढ़ाकर 209 किए जाने को लेकर विवाद है। राज्य सरकार ने एक संशोधन अधिनियम के जरिए वार्डों की संख्या बढ़ाई थी। मेहता ने दलील दी कि हाईकोर्ट ने यह मानने में गलती की कि राज्य सरकार के पास वार्डों की संख्या बढ़ाने और सीमाओं में बदलाव करने का अधिकार नहीं है।
