छठ पूजा के बाद भागलपुर के गंगा घाटों पर यात्रियों की भारी भीड़ बनी हुई है, जिससे स्टीमर सेवाओं पर दबाव बढ़ गया है। मंगलवार को बियाडा घाट से हर 15 से 20 मिनट पर स्टीमर का परिचालन किया गया, फिर भी यात्रियों को सवार होने के लिए मशक्कत करनी पड़ी। घाट पर दिनभर आवाजाही बनी रही।

सबसे अधिक परेशानी बाइक चालकों को हुई। भीड़ के कारण स्टीमर पर बाइक खड़ी करने की पर्याप्त जगह नहीं मिल रही थी और कई बाइक चालकों को अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा, जिससे घाट पर अव्यवस्था की स्थिति बनी। यात्री रागिनी कुमारी और प्रियंका कुमारी सहित अन्य लोगों ने बताया कि बुधवार सुबह खुले एक स्टीमर पर एंबुलेंस भी चढ़ाई गई थी, जिससे जगह कम होने के कारण यात्रियों को बैठने में परेशानी हुई। स्टीमर जल्दी खोलने से लोग दौड़कर चढ़ने को आतुर दिखे।

शादी-विवाह के लग्न की शुरुआत होने के कारण गंगा पार से लोग घरेलू और शादी का सामान लेकर भी भागलपुर पहुंच रहे हैं। तेतरी की ओर से कई लोग दीवान, अलमारी और लकड़ी के अन्य फर्नीचर स्टीमर से ला रहे हैं। बड़े आकार के सामान को स्टीमर पर चढ़ाने और उतारने में जगह की समस्या हो रही है, जिससे सामान लेकर आने वाले यात्रियों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है।

भीड़ को देखते हुए स्टीमर कर्मी यात्रियों को व्यवस्थित तरीके से बैठाने में जुटे रहे। वे जगह बनाते और यात्रियों को धैर्य से बैठने की सलाह देते दिखे। छठ के बाद आवाजाही बढ़ने और लग्न के चलते घाट पर यात्रियों के साथ सामान की ढुलाई का दबाव भी बढ़ गया है।