होर्मुज जलडमरूमध्य में 16 नवंबर को पनामा के झंडे वाले एलपीजी टैंकर एमटी तारा गैस पर हुए मिसाइल हमले के बाद एक भारतीय नाविक लापता है, जबकि दो अन्य घायल हो गए हैं। जहाज पर सवार 24 भारतीय नागरिकों में से 21 को सुरक्षित निकालकर ओमान के खासाब तट पर पहुंचाया गया है। विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को जारी बयान में हमले की कड़ी निंदा की और लापता नाविक की तलाश तथा बचाव अभियान पर चिंता जताई।

मंत्रालय के अनुसार, ओमान स्थित भारतीय दूतावास वहां के अधिकारियों के साथ मिलकर राहत और बचाव कार्यों पर लगातार नजर रख रहा है। घायल नाविकों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और लापता भारतीय की तलाश जारी है। भारत ने बचाव अभियान में समय पर मदद के लिए ओमान सरकार का आभार जताया है।

विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों को निशाना बनाए जाने की घटनाओं को बेहद गंभीरता से देख रहा है। मंत्रालय ने कहा कि क्षेत्र में जहाजों पर लगातार हो रहे हमले नागरिक नाविकों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा हैं और कॉमर्शियल जहाजों तथा नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाए जाने की घटनाएं बंद होनी चाहिए।

केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने एक्स पर कहा कि अधिकारी स्थिति पर लगातार नजर रख रहे हैं और नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जहाज का प्रबंधन करने वाली कंपनी के संपर्क में हैं। उन्होंने दावा किया कि जहाज पर सवार सभी 24 भारतीय नागरिक और चालक दल के कुल 25 सदस्य सुरक्षित हैं और किसी को चोट नहीं आई है, जबकि विदेश मंत्रालय के आधिकारिक बयान में दो भारतीय नाविकों के घायल होने और एक के लापता होने की पुष्टि की गई है।

यह घटना ऐसे समय हुई है जब होर्मुज जलडमरूमध्य और उसके आसपास समुद्री सुरक्षा को लेकर तनाव बढ़ा हुआ है। पिछले 24 घंटों में इस इलाके में कम से कम चार तेल टैंकरों को नुकसान पहुंचने की खबर है। ईरानी नौसेना ने बताया कि जलडमरूमध्य के पूर्वी हिस्से में एक और टैंकर समुद्री बारूदी सुरंग से टकराने के बाद आग की चपेट में आ गया। ईरान का आरोप है कि यह जहाज प्रतिबंधित समुद्री क्षेत्र में बिना नेविगेशन सिस्टम चालू किए गुजर रहा था। नौसेना ने चेतावनी दी है कि उसके सशस्त्र बलों के साथ तालमेल किए बिना प्रतिबंधित समुद्री इलाकों में प्रवेश करने वाले जहाजों को बारूदी सुरंगों और आग का सामना करना पड़ सकता है।