गुना लोकसभा क्षेत्र के विद्यार्थियों का दिल्ली शैक्षणिक भ्रमण यादगार रहा। अशोकनगर से आए 58 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल का संचार भवन स्थित दूरसंचार मंत्रालय में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने स्वागत किया और उनके बीच बैठकर संवाद किया।

प्रतिनिधिमंडल में 50 विद्यार्थी, 5 अधिकारी और 3 जनप्रतिनिधि शामिल थे। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने संविधान सदन, इंडिया गेट और प्रधानमंत्री संग्रहालय का दीदार किया। राष्ट्रीय महत्व के इन स्थलों को करीब से देखने का अनुभव उनके लिए खास रहा।

मंत्रालय के मीटिंग हॉल में केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने औपचारिक मुलाकात के बजाय विद्यार्थियों के बीच बैठकर बातचीत की। उन्होंने छात्रों से पूछा कि दिल्ली कैसी लगी, संविधान सदन और इंडिया गेट देखकर कैसा महसूस हुआ और इस यात्रा से क्या सीखने को मिला। विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ अपने अनुभव साझा किए। एक छात्रा ने दिल्ली भ्रमण का अनुभव शायरी के अंदाज में सुनाया।

बातचीत के दौरान विद्यार्थियों ने अपनी पढ़ाई, भविष्य के लक्ष्य और करियर से जुड़े विषयों पर चर्चा की। सिंधिया ने उनकी रुचियों और आगे की योजनाओं को जानने में दिलचस्पी दिखाई। यह शैक्षणिक भ्रमण पहल केंद्रीय मंत्री ने अपने संसदीय क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए शुरू की है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को देश की संस्थाओं और उनके कामकाज से परिचित कराना तथा भविष्य के लिए प्रेरित करना है।