मथुरा में दो दिन तक प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बैठक करने के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को दिल्ली पहुंचे, जहां उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन से अलग-अलग मुलाकात की। भाजपा अध्यक्ष के आवास पर हुई बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बीएल संतोष भी मौजूद रहे। यह बैठक करीब एक घंटे चली। इसके बाद आदित्यनाथ ने अमित शाह के आवास पर उनसे मुलाकात की। शाह के आवास पर हुई यह बैठक भी करीब एक घंटे तक चली, जिसमें नितिन नवीन और बीएल संतोष भी शामिल हुए।
भाजपा के उच्च पदस्थ सूत्रों के अनुसार, मथुरा की बैठक मुख्य रूप से चुनाव के मुद्दे तय करने और कार्यकर्ताओं को चुनावी मोड में लाने की तैयारी पर केंद्रित रही। वहां से पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों तक स्पष्ट संदेश देने में सफलता मिली। वहीं नितिन नवीन के साथ हुई बैठक में मुख्य रूप से पार्टी की अंदरूनी चर्चाओं पर बातचीत हुई। सूत्रों के मुताबिक, संगठन में कुछ तार अभी भी ढीले हैं और सरकार तथा संगठन के बीच सामंजस्य को और बेहतर बनाने पर भी चर्चा हुई।
सूत्रों के अनुसार, अगले कुछ दिनों में भाजपा उत्तर प्रदेश में चुनावी मोड में दिखनी शुरू हो जाएगी। मथुरा की बैठक के बाद जल्द ही अमित शाह का दौरा शुरू होने वाला है। बताया जा रहा है कि इस महीने शाह दो दिन उत्तर प्रदेश के दौरे पर रहेंगे, जहां अलग-अलग दो संभागों में स्थानीय पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर वे जमीनी हकीकत का आकलन करेंगे और उसके अनुरूप चुनावी रणनीति का मंत्र भी देंगे। इसके बाद दिसंबर के पहले पखवाड़े में बाकी बचे चार संभागों में भी इसी तरह की बैठक होगी। प्रदेश संगठन को अमित शाह के दौरे के लिए तारीखें तय करने के लिए कहा गया है।
भाजपा उत्तर प्रदेश के छह संभागों के लिए अलग-अलग रणनीति पर काम करेगी। इन छह संभागों के लिए दूसरे राज्यों से छह संगठन मंत्रियों की तैनाती का फैसला लिया जा चुका है और उन्हें तत्काल काम संभालने के लिए कह दिया गया है। पार्टी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 20 और अमित शाह की 18 रैलियों की योजना भी बना रही है, हालांकि जरूरत पड़ने पर इसमें बदलाव भी किया जा सकता है।
