मुजफ्फरपुर जिले में मधौल से सदातपुर तक बने करीब 17 किलोमीटर लंबे बाइपास का एक हिस्सा फिर धंस गया है। यह बाइपास करीब 250 करोड़ रुपये की लागत से एनएचएआई ने बनवाया था और अक्टूबर 2025 में इस पर आवागमन शुरू हुआ था। मधौल की ओर से बाइपास पर चढ़ते ही छोटा पुल है, जिसके शुरुआती हिस्से में रेलिंग के किनारे मजबूती के लिए कंक्रीट, पत्थर और मिट्टी भरी गई थी। यह हिस्सा करीब पांच फीट तक धंस गया है, जिससे रेलिंग से सटी सड़क में भी दरारें आ गई हैं।
एनएचएआई के परियोजना निदेशक के संज्ञान में मामला आने के बाद टीम को मौके पर भेजा गया और दोपहर से ही मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया। परियोजना निदेशक ने बताया कि मंगलवार रात तक काम पूरा हो जाएगा। उन्होंने धंसने की वजह रेनकट बताई है और कहा कि आसपास के हिस्सों को भी देखा जा रहा है; जरूरत पड़ने पर उनकी भी मरम्मत कराई जाएगी।
यह पहली बार नहीं है जब इस बाइपास का कोई हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ है। करीब तीन महीने पहले सदातपुर की ओर से करीब दो फीट में रेलिंग से सटकर सड़क धंस गई थी। उस समय भी बारिश के दौरान यह घटना हुई थी और एनएचएआई ने एक दिन बाद मरम्मत कराकर सड़क दुरुस्त कर दी थी। अब यह तीसरी बार है जब बाइपास के किसी हिस्से में धंसने की घटना सामने आई है।
