भागलपुर जिले की राजनीति में महिलाओं की भूमिका अब तक मतदाता तक ही सीमित रही है। जिले की सभी सात विधानसभा सीटों—बिहपुर, गोपालपुर, पीरपैंती, कहलगांव, भागलपुर, सुल्तानगंज और नाथनगर—पर 2025 के चुनाव में पुरुष प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की। वहीं, 2024 के लोकसभा चुनाव में भागलपुर से अजय कुमार मंडल और बांका सीट से गिरिधारी यादव विजयी हुए। इस तरह वर्तमान में जिले का कोई भी विधायक या सांसद महिला नहीं है।

2025 के विधानसभा चुनाव में भागलपुर की पांच सीटों पर नौ महिलाओं ने चुनाव लड़ा, लेकिन किसी को सफलता नहीं मिली। बिहपुर से वीआईपी की अर्पणा कुमारी 61,433 मतों के साथ दूसरे स्थान पर रहीं। नाथनगर से शारदा देवी को 3,434, कहलगांव से रूपम देवी को 3,040 और संजू देवी को 1,640 वोट मिले। गोपालपुर से सोनी भारती को 1,651, भागलपुर से निर्दलीय निशा भारती को 1,204 और बसपा की रेखा दास को 694 वोट मिले। पीरपैंती और सुल्तानगंज सीटों पर किसी महिला ने चुनाव ही नहीं लड़ा। 2024 के लोकसभा चुनाव में भागलपुर से कुल 12 उम्मीदवारों में केवल एक महिला बसपा की पूनम सिंह थीं, जिन्हें 12,646 वोट मिले।

इतिहास में 1951 के पहले आम चुनाव में भागलपुर दक्षिण से कांग्रेस की सुषमा सेन जीती थीं। इसके बाद 1957 से 2024 तक के 67 वर्षों में किसी भी मुख्य राजनीतिक दल ने भागलपुर लोकसभा सीट से किसी महिला को टिकट नहीं दिया। संसद ने 2023 में संविधान का 106वां संशोधन पारित किया, जिसे नारी शक्ति वंदन अधिनियम नाम दिया गया। इसके तहत लोकसभा, राज्य विधानसभाओं और दिल्ली विधानसभा में करीब 33 प्रतिशत सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित करने का प्रावधान है। हालांकि, अनुच्छेद 334ए के अनुसार यह आरक्षण तभी प्रभावी होगा, जब 2023 के संशोधन के बाद होने वाली पहली जनगणना के आंकड़े प्रकाशित हो जाएंगे और परिसीमन की प्रक्रिया पूरी होगी।

महिला आरक्षण लागू होने पर भागलपुर की सात विधानसभा सीटों में से दो से तीन सीटें रोटेशन के आधार पर महिलाओं के लिए आरक्षित हो सकती हैं। भागलपुर लोकसभा सीट भी किसी चुनाव में महिला आरक्षित हो सकती है। इससे पंचायत, नगर निगम, जिला परिषद, महिला मोर्चा और स्वयं सहायता समूहों से निकलने वाली सक्रिय महिलाओं को आगे आने का अवसर मिलेगा। साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, आंगनबाड़ी, जीविका, महिला सुरक्षा और पेयजल जैसे मुद्दों के अलावा रेशम उद्योग, गंगा कटाव, बाढ़ और पलायन पर भी महिलाओं का नजरिया सामने आएगा। भाजपा, जदयू, राजद, कांग्रेस और वाम दलों के पास महिला प्रकोष्ठ तो हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर चुनाव लड़ सकने वाली सशक्त महिला नेताओं की संख्या बेहद कम है।