मुंबई। शरद पवार की एनसीपी द्वारा परिसीमन बिल का समर्थन किए जाने के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। पार्टी में इस्तीफों का सिलसिला शुरू होने के बीच इस पर चर्चा शुरू हो गई है कि क्या रोहित पवार अपने दादा शरद पवार का साथ छोड़ सकते हैं। एनसीपी (शरदचंद्र पवार) के विधायक रोहित पवार ने सेक्युलर और प्रगतिशील विचारधारा पर बने रहने के संकेत दिए हैं, जिसके बाद अटकलों को और बल मिला है।
रोहित पवार ने अजित पवार के प्लेन क्रैश मामले का हवाला देते हुए लिखा है कि उन्होंने देखा है और आज भी देखते हैं कि ज्यादातर लोग सच से ज्यादा सत्ता को अहमियत देते हैं। उन्होंने कहा कि चाहे कुछ भी हो जाए, दादा के लिए और लोगों के लिए उनकी लड़ाई नहीं रुकेगी। रोहित पवार ने आगे लिखा कि 2022 में दादा ने एक अलग फैसला लिया था, तब उन्होंने अपने निजी रिश्तों को एक तरफ रखकर उन उसूलों के लिए लड़ाई लड़ी जिनमें उनका विश्वास था, और उनका वह रुख आज भी कायम है।
रोहित पवार के इस रुख पर कांग्रेस की ओर से भी प्रतिक्रिया सामने आई है। पार्टी के दिग्गज नेता विजय वडेट्टीवार ने कहा है कि अगर रोहित पवार कांग्रेस में आते हैं तो उनका स्वागत है। रोहित पवार अजित पवार के सगे भाई के बेटे हैं और उन्हें दादा कहते हैं। वे प्लेन क्रैश के मुद्दे को सबसे मुखरता से उठाते आए हैं।
जामखेड विधानसभा क्षेत्र से दूसरी बार विधायक बने 41 वर्षीय रोहित पवार ने अजित पवार विमान हादसे की जांच, किसान, सूखा और आंदोलन, परीक्षा घोटालों और पुणे की कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों पर सरकार पर निशाना साधकर एक युवा और सक्रिय नेता की छवि बनाई है। उन्होंने 2017 में जिला परिषद चुनाव जीतकर राजनीति में सक्रिय भूमिका शुरू की और फिर कर्जत-जामखेड से विधायक बने। वे महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष हैं और पूर्व में इंडियन शुगर मिल्स असोसिएशन के अध्यक्ष तथा बारामती एग्रो लिमिटेड के सीईओ रह चुके हैं।
