मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को देहरादून में मुख्यमंत्री आवास पर विश्व आपदा प्रबंधन सम्मेलन-2026 के उद्घाटन समारोह में कहा कि हिमालय की रक्षा केवल पर्यावरण संरक्षण का विषय नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों के भविष्य की सुरक्षा से जुड़ा सवाल है। उन्होंने कहा कि विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाना अत्यंत आवश्यक है और उत्तराखंड आपदा प्रबंधन का वैश्विक केंद्र बनेगा।

धामी ने कहा कि उत्तराखंड सहित संपूर्ण हिमालयी क्षेत्र पर्यावरणीय और भौगोलिक दृष्टि से बेहद संवेदनशील है। उन्होंने 2013 की केदारनाथ आपदा, 2021 की चमोली आपदा और सिलक्यारा सुरंग घटना का जिक्र करते हुए कहा कि इन घटनाओं ने विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन की आवश्यकता को स्पष्ट किया है। मुख्यमंत्री ने हिमालयन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, देहरादून के कारपस फंड के लिए एक करोड़ रुपये देने की घोषणा की।

तीन दिवसीय सम्मेलन में 50 से अधिक देशों के प्रतिनिधि, विज्ञानी, आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ, शिक्षाविद् और तकनीकी संस्थानों के प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सम्मेलन उत्तराखंड को आपदा प्रबंधन, अनुसंधान और वैश्विक सहयोग के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है, जहां विभिन्न देशों के अनुभवों, आधुनिक तकनीकों और नवाचारों को साझा करने के साथ आपदाओं से निपटने की समन्वित रणनीतियों पर मंथन होगा।

धामी ने सम्मेलन के हाइब्रिड एवं विकेंद्रीकृत स्वरूप की सराहना की और कहा कि छह महाद्वीपों में एक साथ आयोजित सत्रों से विशेषज्ञों को जोड़ने के साथ यात्रा से होने वाले कार्बन उत्सर्जन में कमी का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि कोई भी विकास परियोजना मानव जीवन से अधिक महत्वपूर्ण नहीं हो सकती और प्रत्येक योजना में सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और आपदा प्रबंधन को प्राथमिकता मिलनी चाहिए। सरकार 'विकल्प रहित संकल्प' के साथ प्रदेश के विकास के लिए प्रतिबद्ध है।