तेल अवीव: इजरायल की यशार पार्टी के नेता गादी आइजेनकॉट ने कार्यवाहक प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को राष्ट्रीय एकता सरकार पर तुरंत बातचीत के लिए कहा है। उन्होंने लिकुड पार्टी से कहा है कि अगर वह नई सरकार पर गंभीर है तो इसे साबित करे। आइजेनकॉट ने लिकुड नेताओं को बातचीत के लिए 24 घंटे का समय दिया है। यह जवाब नेतन्याहू की उस पेशकश के बाद आया है, जिसमें रोटेशन व्यवस्था के तहत आइजेनकॉट को पहले प्रधानमंत्री बनाने की बात कही गई थी।
नेतन्याहू के यूनिटी सरकार में बाद के दो सालों में पीएम बनने के लिए राजी होने के बाद आइजेनकॉट ने एक्स पर पोस्ट में कहा कि अगर लिकुड सच्ची एकता के लिए तैयार है, तो वह अगले 24 घंटों में उनके इरादों की गंभीरता परखने को तैयार हैं। उन्होंने नेतन्याहू और उनकी टीम को हर्जलिया के 'डैन अकाडिया होटल' में आमंत्रित किया है, जहां वह अपनी बातचीत टीम के साथ रुके हुए हैं। आइजेनकॉट ने कहा कि बुनियादी दिशानिर्देशों और नीतिगत मुद्दों पर गंभीर और तेज बातचीत हो सकती है।
आइजेनकॉट ने यह भी दावा किया कि रविवार को प्रधानमंत्री के अनुरोध पर बनाए गए एक गुप्त चैनल के जरिए नेतन्याहू को एक विस्तृत प्रस्ताव भेजा गया था, जिसमें महत्वपूर्ण नीतिगत मुद्दों और कुछ क्षेत्रों में बड़े समझौतों की बात शामिल थी। उनके मुताबिक, अभी तक इन मुद्दों पर कोई जवाब नहीं मिला है। नेतन्याहू ने शनिवार को राष्ट्रीय एकता सरकार की अपनी मांग दोहराते हुए पहली बार यह प्रस्ताव रखा था कि कार्यकाल की शुरुआत में आइजेनकॉट प्रधानमंत्री बनें, जबकि वे खुद 'वैकल्पिक प्रधानमंत्री' के रूप में काम करें।
इजरायल में 27 अक्टूबर को हुए आम चुनावों में किसी गठबंधन को बहुमत नहीं मिल सका है। 120 सदस्यीय संसद में बहुमत के लिए 61 सीटों की जरूरत है। आइजेनकॉट के नेतृत्व वाले गठबंधन को 48 और नेतन्याहू के एलायंस को 53 सीटें मिली हैं। इसके चलते नई सरकार बनाने को लेकर गतिरोध बना हुआ है और दोनों बड़े नेताओं के बीच इस पर चर्चा चल रही है कि एक यूनिटी सरकार बनाई जाए, जिसमें दोनों साथ आएं और 2-2 साल के लिए बारी-बारी से प्रधानमंत्री पद संभालें।
