भोपाल केंद्रीय जेल के प्रशासनिक जेलर मग्नू सिंह मरावी के खिलाफ पुलिस ने दुष्कर्म का मामला दर्ज किया है। आरोप है कि शुक्रवार रात करीब साढ़े दस बजे उन्होंने जेल में तैनात 58 वर्षीय महिला प्रहरी से अश्लील बातें कीं और उसे जबरन शौचालय में ले जाकर दुष्कर्म किया। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। महिला प्रहरी के अनुसार वह उस समय रात्रि गश्त पर थी, जब जेलर मरावी से उसकी मुलाकात हुई।
घटना के बाद महिला प्रहरी ने खुद को अस्वस्थ बताया और बीपी बढ़ने का हवाला देकर ड्यूटी से घर जाने की अनुमति ली। जेल से बाहर निकलने के बाद वह घर के बजाय सीधे गांधीनगर थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने उसका बयान दर्ज करते हुए वीडियोग्राफी की और मेडिकल परीक्षण कराया। आरोपित जेलर की अब तक गिरफ्तारी नहीं हुई है।
सूत्रों के अनुसार महिला प्रहरी इससे पहले जेल के चार अधिकारियों के खिलाफ छेड़छाड़ और दुष्कर्म की शिकायतें कर चुकी है। शिकायत के बाद पुलिस ने जेल परिसर में घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जेल प्रबंधन से ड्यूटी चार्ट भी मांगा गया है। पुलिस के अनुसार घटना के समय आसपास अन्य कर्मचारी भी ड्यूटी पर थे, लेकिन किसी ने इसकी जानकारी होने से इनकार किया है।
मरावी इससे पहले उमरिया जिला जेल में उप जेल अधीक्षक थे और अगस्त 2024 से भोपाल केंद्रीय जेल में कार्यरत हैं। शनिवार दोपहर स्पेशल जेल एडीजी जी. अखेतो सेमा जेल पहुंचे और अधिकारियों के साथ बैठक की। जेल प्रशासन ने विभागीय जांच की बात कही है। महिला प्रहरी वर्ष 2004 से जेल में पदस्थ है। सूत्रों के अनुसार कुछ दिन पहले वह जेल में तंबाकू के चार पैकेट ले जाते पकड़ी गई थी, जिस पर जेलर मरावी ने कार्रवाई करते हुए उसे निलंबित किया था। दो माह पूर्व वह बहाल की गई है और इस मामले की जांच चल रही है, जिसमें मरावी गवाह भी हैं। जेल अधीक्षक मानेंद्र सिंह परिहार के अनुसार जेल परिसर में इस तरह की वारदात को लेकर विभागीय स्तर पर भी जांच की जा रही है।
