भोपाल में एक रैपिडो चालक पर आरोप है कि राइड कैंसिल करने के बाद उसने एक 26 वर्षीय युवती से गाली-गलौज की, धार्मिक टिप्पणी की और अश्लील तस्वीरें भेजीं। पुलिस ने हिंदू संगठन के विरोध के बाद आरोपी मोहम्मद मुस्तकीन को गिरफ्तार कर लिया है।
बागसेवनिया थाना प्रभारी अमित सोनी के अनुसार, आरोपी मोहम्मद मुस्तकीन करोंद क्षेत्र का निवासी है। पुलिस उसके मोबाइल और व्हाट्सएप चैट की जांच कर रही है, ताकि युवती को भेजे गए संदेशों और तस्वीरों के डिजिटल साक्ष्य जुटाए जा सकें। अब तक आरोपी का कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है।
जानकारी के मुताबिक, बागसेवनिया क्षेत्र में रहने वाली और ब्यूटी पार्लर में काम करने वाली युवती ने 20 नवंबर को हबीबगंज क्षेत्र से घर जाने के लिए रैपिडो ऑटो बुक किया था। आरोपी चालक उसकी लोकेशन से आगे निकल गया और अतिरिक्त किराया मांगने लगा। युवती किराया देने को तैयार हो गई, लेकिन आरोप है कि चालक ने अभद्रता शुरू कर दी और कहा कि "तुम हिंदू लड़कियों की यही फितरत है।" विवाद बढ़ने पर युवती ने राइड कैंसिल कर दी।
आरोप है कि राइड कैंसिल होते ही चालक ने ऐप की चैट से युवती का मोबाइल नंबर निकाला और उसे गाली-गलौज व धार्मिक टिप्पणी वाले संदेश भेजने शुरू कर दिए। अगले दिन उसने व्हाट्सएप पर अपने प्राइवेट पार्ट की तस्वीरें भी भेजीं। युवती ने थाने में शिकायत की, लेकिन आरोप है कि सात दिन तक कार्रवाई नहीं हुई। शुक्रवार रात हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं के थाने पहुंचकर विरोध करने के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया।
युवती के मुताबिक, राइड बुक करते समय चालक का नाम मुस्तकीम था, लेकिन बाद में उसने मोबाइल पर अपना नाम रोहित मीना कर लिया। आरोप है कि आरोपी ने सोमवार को माफी मांगते हुए दावा किया था कि उसने नशे में यह हरकत की थी, लेकिन इसके बाद भी उसके अभद्र संदेश जारी रहे।
