भोपाल की लक्ष्मी छिब्बर ने न्यूजीलैंड में आयोजित AINA 2026 सम्मेलन में शरीर के संकेतों से डिजिटल पहचान सत्यापित करने की तकनीक पर शोध प्रस्तुत किया। शोध में PPG सिग्नलों को इमेज में बदलकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित CNN मॉडल से पहचान की प्रक्रिया बताई गई है।

डिजिटल दुनिया में पासवर्ड चोरी और पहचान की नकल बड़ी सुरक्षा चुनौती बनती जा रही है। इसी बीच भोपाल की लक्ष्मी छिब्बर ने डिजिटल प्रमाणीकरण को लेकर एक नई तकनीक अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत की है। उन्होंने न्यूजीलैंड में आयोजित AINA 2026 (International Conference on Advanced Information Networking and Applications) में अपना शोध पेश किया।

शोध का शीर्षक 'CNN-Based Biometric Authentication from Image-Transformed PPG Signals for IoT Environments' है। इसमें PPG यानी फोटोप्लीथिस्मोग्राम सिग्नलों का इस्तेमाल किया गया है, जो शरीर में रक्त प्रवाह से जुड़े बदलावों की जानकारी देते हैं। इन सिग्नलों को सीधे इस्तेमाल करने के बजाय इमेज में बदला जाता है और फिर CNN (Convolutional Neural Network) मॉडल की मदद से इन इमेज के पैटर्न का विश्लेषण कर व्यक्ति की पहचान सत्यापित की जाती है।

इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT) के विस्तार के साथ स्मार्ट डिवाइस, मेडिकल गैजेट्स और आपस में जुड़े डिजिटल सिस्टम की सुरक्षा महत्वपूर्ण होती जा रही है। शोध के अनुसार, ऐसे सिस्टम में इस तकनीक का संभावित इस्तेमाल किया जा सकता है, जहां पासवर्ड या सामान्य पहचान के बजाय व्यक्ति के जैविक संकेतों के आधार पर प्रमाणीकरण की जरूरत हो। शोध डिजिटल सुरक्षा के क्षेत्र में जैविक संकेतों और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के मेल की संभावनाओं को सामने लाता है। आने वाले समय में इस तकनीक का व्यावहारिक विकास और परीक्षण यह तय करेगा कि स्मार्ट डिवाइस और डिजिटल सिस्टम की सुरक्षा में इसका कितना प्रभावी इस्तेमाल हो सकता है।