हरियाणा के कुरुक्षेत्र स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (NIT) ने प्लेसमेंट में नया रिकॉर्ड बनाया है। संस्थान के बीटेक फाइनल ईयर के छात्र पी. कौशिक रेड्डी को ₹1.56 करोड़ सालाना का प्लेसमेंट ऑफर मिला है। यह जानकारी संस्थान के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट और ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल की ओर से दी गई है। यह ऑफर 2026 बैच के छात्र को मिला है।
संस्थान की पोस्ट के मुताबिक, पी. कौशिक रेड्डी कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग (CSE) के छात्र हैं। उन्हें ₹1.56 करोड़ सालाना का CTC ऑफर मिला है। इससे पहले संस्थान में सबसे बड़ा पैकेज ₹1.5 करोड़ सालाना था। ₹1.56 करोड़ का ऑफर पाकर रेड्डी ने संस्थान के प्लेसमेंट का नया रिकॉर्ड बना दिया है।
संस्थान की आधिकारिक वेबसाइट पर 2025-26 के प्लेसमेंट आंकड़ों के मुताबिक, बीटेक के 913 छात्रों में से 776 को प्लेसमेंट मिला। प्लेसमेंट पाने वाले छात्रों का प्रतिशत 84.99 रहा। बीटेक का औसत पैकेज 11 लाख रुपये और मीडियन पैकेज 8 लाख रुपये सालाना दर्ज किया गया। कुल 906 प्लेसमेंट ऑफर मिले।
संस्थान में कंप्यूटर इंजीनियरिंग के अलावा अन्य ब्रांच के छात्रों को भी प्लेसमेंट मिला। मैकेनिकल इंजीनियरिंग में 99.12 प्रतिशत और प्रोडक्शन एंड इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग में 94.23 प्रतिशत छात्रों को प्लेसमेंट मिला। सबसे बड़ा पैकेज कंप्यूटर इंजीनियरिंग ब्रांच में गया। NIT कुरुक्षेत्र में बीटेक में दाखिला JEE मेन स्कोर के आधार पर JoSAA काउंसलिंग के जरिए होता है।
