बांदा जिले के मरका में यमुना पुल के पास करीब 40 लाख रुपये की लागत से हाईटेक चेक गेट बनाया जाएगा, जो खनिज वाहनों की एआई आधारित निगरानी करेगा। यह गेट पुल से करीब 500 मीटर पहले बांदा की सीमा में बनेगा। यहां लगे कैमरे मौरंग और गिट्टी लदे वाहनों की नंबर प्लेट और माइंस टैग स्कैन करेंगे, जिससे पता चल सकेगा कि खनिज किस खदान से लोड हुआ और कहां ले जाया जा रहा है।
जिला खनिज फाउंडेशन न्यास (डीएमएफ) की तीन नवंबर को हुई बैठक में प्रस्ताव पर मुहर लगने के बाद खनिज विभाग ने जिलाधिकारी के अनुमोदन के लिए प्रस्ताव भेजा है। जिला खनिज अधिकारी राजरंजन के अनुसार अनुमति मिलने के बाद दो से तीन दिन में टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी और एक माह के भीतर गेट तैयार करने का प्रयास है। जिलाधिकारी अमित आसेरी ने कहा कि अवैध खनन नहीं होने दिया जाएगा और चेक गेट को आधुनिक तकनीक से जोड़ा जा रहा है।
चेक गेट पर चार तरह की तकनीक से निगरानी होगी। एएनपीआर कैमरा वाहनों की नंबर प्लेट स्वत: स्कैन कर पंजीकरण संख्या दर्ज करेगा, जबकि वैरीफोकल कैमरे से वाहन की स्पष्ट तस्वीर के साथ करीब 10 सेकेंड का वीडियो रिकॉर्ड होगा। आरएफआईडी रीडर वाहनों पर लगे माइंस टैग को स्कैन कर खदान, रवन्ना और परिवहन अनुमति से जुड़ी जानकारी का सत्यापन करेगा। थर्ड आई कैमरा चेक गेट और आसपास की गतिविधियों पर नजर रखेगा। इसकी निगरानी जिला खनिज अधिकारी कार्यालय के साथ लखनऊ स्थित खनिज मुख्यालय के कंट्रोल रूम से 24 घंटे होगी, और कैमरों का लॉगिन-पासवर्ड डीएम व एसपी के पास भी रहेगा।
मरका पुल बांदा जिले को फतेहपुर के असोथर क्षेत्र से जोड़ता है। असोथर से आगे बहरामपुर और थरियांव होते हुए खनिज वाहन प्रयागराज-कानपुर हाईवे तक पहुंचते हैं और वहां से फतेहपुर, रायबरेली, लखनऊ के साथ खागा होकर कुंडा-प्रतापगढ़ तथा कौशांबी के अझुवा और सैनी होते हुए प्रयागराज की ओर भी आवागमन करते हैं। फिलहाल जिले में तीन चेक गेट संचालित हैं — मटौंध के पास बांदा-महोबा मार्ग पर वर्ष 2021 में, तथा गिरवां चौराहे और नरैनी-करतल मार्ग पर अगस्त 2023 में। मरका में यह चौथा चेक गेट होगा। बबेरू तहसील क्षेत्र में चरका की दो और मरका की एक समेत तीन मौरंग खदानें संचालित हैं, और आने वाले दिनों में इनकी संख्या करीब एक दर्जन तक पहुंचने की संभावना है।
