दुनिया की दो दिग्गज कंपनियों ओपनएआई और एपल के बीच कानूनी जंग तेज हो गई है। ओपनएआई ने शुक्रवार को एपल के खिलाफ जवाबी मुकदमा दायर करते हुए ट्रेड सीक्रेट्स चुराने और हार्डवेयर सप्लायर्स तक पहुंच बाधित करने का आरोप लगाया है। ट्रेड सीक्रेट्स से तात्पर्य कंपनी के उन गुप्त कारोबारी राज या खास तकनीक से है, जिन्हें कंपनी प्रतिस्पर्धा में बढ़त बनाए रखने के लिए दूसरी कंपनियों से छिपाकर रखती है।

रॉयटर की न्यूयॉर्क से मिली जानकारी के अनुसार, ओपनएआई ने कैलिफोर्निया की संघीय अदालत में दायर अपने जवाबी दावे में कहा कि एपल की रोजगार संबंधी नीतियां कर्मचारियों को कंपनी में बने रहने के उद्देश्य से तैयार की गई हैं। यह मुकदमा ऐसे समय आया है जब इससे पहले एपल ने ओपनएआई पर मुकदमा दायर करते हुए आरोप लगाया था कि ओपनएआई ने एपल की तकनीक तक पहुंच पाने के लिए एपल के कर्मचारियों को कंपनी छोड़कर ओपनएआई में नौकरी करने के लिए उकसाया।

फिलहाल इस मामले में एपल की ओर से कोई टिप्पणी नहीं आई है। ओपनएआई द्वारा लगाए गए आरोप अभी अदालत में साबित नहीं हुए हैं और मामला कानूनी प्रक्रिया के तहत विचाराधीन है।