भारत की साइबर सुरक्षा एजेंसी इंडियन कंप्यूटर इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम (सीईआरटी-इन) ने वाट्सएप के पुराने वर्जन में गंभीर सुरक्षा खामियों को लेकर यूजर्स के लिए सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है। एजेंसी ने आगाह किया है कि इन खामियों के कारण यूजर्स साइबर हमलों की चपेट में आ सकते हैं और उनकी संवेदनशील जानकारी खतरे में पड़ सकती है।

सीईआरटी-इन ने यह अलर्ट वाट्सएप और वाट्सएप बिजनेस के पुराने वर्जन इस्तेमाल करने वाले एंड्रॉयड, आईओएस और डेस्कटॉप यूजर्स के लिए जारी किया है। एजेंसी के अनुसार, इन खामियों का फायदा उठाकर दूर बैठे साइबर अपराधी सुरक्षा व्यवस्था को चकमा दे सकते हैं और विशेष तरह की मीडिया फाइल या लिंक भेजकर यूजर्स के संवेदनशील डेटा तक पहुंच बना सकते हैं। इससे ऐप क्रैश हो सकते हैं और निजी चैट व फाइलें हैक हो सकती हैं।

एजेंसी ने सभी यूजर्स को अपने डिवाइस के अनुसार उपलब्ध नया सिक्योरिटी अपडेट इंस्टॉल करने की सलाह दी है। सीईआरटी-इन ने यूजर्स से कहा है कि वे केवल स्वचालित अपडेट पर निर्भर न रहें और मेटा की ओर से जारी नवीनतम सुरक्षा पैच तुरंत इंस्टॉल करें।