इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में एक महिला पर पति, बेटे और भांजे को खाने में धीमा जहर देने का आरोप है। पुलिस जांच में पता चला है कि महिला के कथित प्रेमी बबलू से उसके मायके वालों के अच्छे संबंध थे और वह अक्सर उनके साथ महिला के घर आता-जाता था। महिला के मोबाइल फोन से पुलिस को अभी कोई ठोस सुराग नहीं मिला है। पूछताछ में महिला की बेटी ने बताया कि उसकी मां अक्सर भाई का फोन इस्तेमाल करती थीं और बात करने के बाद कॉल व मैसेज डिटेल डिलीट कर देती थीं। इसके चलते पुलिस अब बेटे के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) निकालकर जांच करेगी। पुलिस जल्द ही महिला से डासना जेल में जाकर पूछताछ भी करेगी।
बता दें कि वसुंधरा 2सी निवासी सुशील कुमार भटनागर का अपनी पत्नी से विवाद चल रहा था। दो माह पूर्व तबीयत खराब होने पर उन्हें अस्पताल में आईसीयू में भर्ती किया गया था। जांच में शरीर में जहरीले तत्व पाए जाने पर दोबारा जांच कराई गई, जिसमें खून में लेड की मात्रा अधिक पाई गई। चिकित्सकों को शक हुआ, क्योंकि ससुराल पक्ष में ज्वैलरी का काम होता है और लेड ज्वैलरी में इस्तेमाल होता है। उन्होंने पीड़ित को बताया कि यह पुलिस केस है, जिसके बाद पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की।
पुलिस ने मंगलवार को मामला दर्ज कर आरोपित पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। जांच में पता चला कि पति ने कुछ समय पहले दो करोड़ रुपये का जीवन बीमा कराया था और उनकी ट्रैवल एजेंसी भी पांच से छह करोड़ की है। दोनों में पत्नी को ही नॉमिनी बनाया गया है। आरोप है कि संपत्ति और बीमा हड़पने तथा अपने प्रेमी के साथ रहने के मकसद से आरोपित ने अपने स्वजन के साथ मिलकर यह साजिश रची थी।
डीसीपी ट्रांस हिंडन रिजुल का कहना है कि मामले में जांच की जा रही है और अन्य लोगों की संलिप्तता मिलने पर उन्हें भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
