दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के भौतिक विज्ञान विभाग ने फूको पेंडुलम को आधुनिक तकनीक से जोड़कर ऑनलाइन कर दिया है। अब इसकी हर हलचल इंटरनेट पर लाइव देखी जा सकेगी और पृथ्वी की घूर्णन गति को प्रत्यक्ष रूप से देखा जा सकेगा। विभाग के अनुसार, 12 मीटर लंबे और 26 किलोग्राम वजनी गोले वाले इस पेंडुलम के झूलने की गति से लेकर आवर्तकाल, आवृत्ति और गुरुत्वीय त्वरण तक के आंकड़े लाइव उपलब्ध होंगे।
विभाग ने पेंडुलम को बिना किसी मानवीय हस्तक्षेप के लगातार झूलते रहने के लिए विशेष स्वचालित व्यवस्था विकसित की है। गोले के निचले हिस्से में लगाया गया नियोडिमियम चुंबक और फर्श पर उसके ठीक नीचे स्थापित सेंसर इस व्यवस्था का हिस्सा हैं। गोला जैसे ही केंद्र से गुजरता है, सेंसर माइक्रोकंट्रोलर को संकेत भेजता है, जो 35 मिलीसेकंड के अंतराल के बाद मास्फेट स्विच के माध्यम से काइल को कुछ मिली सेकंड के लिए सक्रिय करता है। इससे चुंबकीय बल के रूप में मिलने वाला हल्का धक्का हवा के घर्षण से नष्ट हुई ऊर्जा की भरपाई करता है और पेंडुलम की गति बनी रहती है।
ऑनलाइन निगरानी तंत्र में माइक्रोकंट्रोलर प्रत्येक झूले का सटीक समय कंप्यूटर को भेजता है। विभाग की ओर से तैयार वेब पेज पर आवर्तकाल, आवृत्ति और गुरुत्वीय त्वरण का मान ग्राफ के साथ लाइव दिखाई देता है, और हर पांच मिनट में आंकड़े गूगल शीट तथा कंप्यूटर की एक्सेल फाइल में स्वत: सुरक्षित हो जाते हैं। 27 नवंबर को किए गए 10 मिनट के पहले परीक्षण में पेंडुलम 181 बार केंद्र से गुजरा। इसका आवर्तकाल 6.906 सेकंड और आवृत्ति 0.1448 हर्ट्ज दर्ज की गई। इन आंकड़ों से गुरुत्वीय त्वरण का मान 9.93 मीटर प्रति सेकंड वर्ग प्राप्त हुआ, जो मानक मान 9.81 के लगभग एक प्रतिशत के दायरे में है।
विभाग अब झूले की दिशा मापने की तकनीक विकसित कर इस घुमाव को सीधे दर्ज करने की तैयारी कर रहा है। पेंडुलम के साप्ताहिक और मासिक आंकड़े भी संकलित किए जाएंगे और इसे एमएससी के प्रायोगिक पाठ्यक्रम में शामिल करने की योजना है। भौतिक विज्ञान विभाग के अध्यक्ष प्रो. राकेश तिवारी के अनुसार, फूको पेंडुलम को ऑनलाइन और स्वचालित बनाना विद्यार्थियों को प्रयोग के माध्यम से भौतिकी की जटिल अवधारणाएं समझाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। अब विद्यार्थी पृथ्वी के घूर्णन के सिद्धांत को केवल किताबों में नहीं पढ़ेंगे, बल्कि पेंडुलम की गतिविधि और उससे प्राप्त होने वाले वास्तविक आंकड़ों को भी देख सकेंगे। उल्लेखनीय है कि फ्रांसीसी वैज्ञानिक लियों फूको ने वर्ष 1851 में पेरिस में इसी तरह के पेंडुलम से पहली बार प्रदर्शित किया था कि पृथ्वी अपनी धुरी पर घूमती है।
