रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने मॉस्को में आयोजित AI जर्नी 2026 इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस के दौरान 16 साल के भारतीय AI इनोवेटर राउल जॉन अजू से मुलाकात की और उनके काम की तारीफ की। पुतिन ने कहा कि राउल का काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की "मेक इन इंडिया" पहल को समर्थन देता है।

गुरुवार 26 नवंबर को मॉस्को में हुए इस सम्मेलन में पुतिन ने कजाकिस्तान के राष्ट्रपति कासिम-जोमार्ट टोकायेव के साथ युवा AI इनोवेटर्स से बातचीत की। इस दौरान राउल ने सवाल किया कि अगर वह AI की मदद से वीडियो गेम्स के जरिए गणित सीखे तो क्या वह बिना भटके मजेदार तरीके से नहीं सीख सकता। जवाब में पुतिन ने कहा कि बात सही है, लेकिन चीजों को याद रखना और सीखना भी जरूरी है।

पुतिन ने AI को लेकर सावधानी बरतने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि एक खतरा यह है कि युवा बिना खुद सोचे सिर्फ AI का इस्तेमाल करेंगे और वही दोहराएंगे जो मशीन या AI एजेंट उन्हें देगा। उन्होंने सवाल किया कि क्या AI पर निर्भर रहना शिक्षा प्रक्रिया के लिए खतरा नहीं है। इस पर राउल ने कहा कि AI पर पूरी तरह निर्भर रहने के बजाय उसके साथ मिलकर काम करना चाहिए।

राउल के काम का जिक्र करते हुए पुतिन ने कहा कि उनका काम प्रधानमंत्री मोदी की "मेक इन इंडिया" की अपील को साकार करने में मदद करता है, क्योंकि इससे युवाओं को अपनी समस्याओं के समाधान खोजने और उन्हें लागू करने में मदद मिलती है। सम्मेलन में राउल को पुतिन के साथ व्यक्तिगत रूप से मिलने का मौका भी मिला और उन्होंने उनके साथ एक सेल्फी ली। इस सम्मेलन में AI और रोबोटिक्स के क्षेत्र में काम करने वाले युवाओं को शामिल किया गया, जहां शिक्षा, विज्ञान, मेडिकल, इकोनॉमी और कला के क्षेत्रों में AI के इस्तेमाल पर चर्चा हुई।

केरल के रहने वाले राउल जॉन अजू को भारत का AI किड कहा जाता है। उन्होंने 12 साल की उम्र में अपना पहला ह्यूमनॉइड रोबोट मी-बॉट (Me-Bot) बनाया था। इंस्टाग्राम पर उन्हें 3.5 लाख से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं।